जियो-टैगिंग, परियोजनाओं का डिजिटल डेटाबेस, गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी और लंबित योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने पर मुख्यमंत्री का जोर।

रांची: झारखंड में सड़क, फ्लाईओवर और पुल-पुलियों के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पथ निर्माण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास की रफ्तार बेहतर सड़क और पुल नेटवर्क पर निर्भर करती है। इसलिए विभाग सभी परियोजनाओं का अद्यतन एवं सुव्यवस्थित डिजिटल डेटाबेस तैयार करे और प्रत्येक परियोजना की जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर परियोजना की स्थिति, लागत, समय-सीमा और प्रगति का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध होना चाहिए, ताकि उसकी नियमित निगरानी की जा सके। उन्होंने कहा कि जियो-टैगिंग से पारदर्शिता बढ़ेगी, निगरानी प्रणाली मजबूत होगी और परियोजनाओं में आने वाली समस्याओं की समय रहते पहचान कर उनका समाधान किया जा सकेगा।
बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने पिछले पांच वर्षों में संचालित योजनाओं, निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की विस्तृत प्रस्तुति दी। इसमें सड़क निर्माण, फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज और पुल-पुलियों की वर्तमान स्थिति, प्रगति और आगामी योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने प्रस्तुति का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें विभिन्न माध्यमों से सड़कों की खराब स्थिति, गड्ढों, जलजमाव और निर्माण कार्यों में हो रही देरी को लेकर लगातार शिकायतें और सुझाव मिल रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी सभी शिकायतों का त्वरित संज्ञान लिया जाए और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यों की प्रगति की नियमित अद्यतन रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए।
वर्षा ऋतु को देखते हुए मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गड्ढों की मरम्मत, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और सड़कों की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया। उन्होंने संकीर्ण सड़कों के चौड़ीकरण, क्षतिग्रस्त मार्गों के सुदृढ़ीकरण तथा निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन सड़क, फ्लाईओवर और पुल-पुलिया परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन योजनाओं पर कार्य चल रहा है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए ताकि आम जनता को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। उन्होंने राजधानी रांची सहित राज्य के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों की परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सोलर साइकिल ट्रैक सहित अन्य नवाचार आधारित परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने, पुल-पुलियों के किनारों को मजबूत बनाने, जल निकासी की बेहतर व्यवस्था विकसित करने और सभी परियोजनाओं में टिकाऊ एवं सुरक्षित निर्माण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सड़क और पुल केवल आधारभूत संरचना नहीं, बल्कि राज्य के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास की मजबूत नींव हैं। इसलिए प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध क्रियान्वयन और गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

