RIMS की पहल: आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मिलेगी मुफ्त NEET कोचिंग

0
41
Share This Post

रिम्स ने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों के लिए मुफ्त NEET (UG) कोचिंग कार्यक्रम शुरू किया है। पहले बैच में 30 छात्रों का चयन किया गया है, जिन्हें विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में तैयारी कराई जाएगी।

रांची: झारखंड के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के मेधावी छात्रों के लिए मुफ्त NEET (UG) कोचिंग कार्यक्रम शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग नहीं कर पाते।

रिम्स के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम का मकसद आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली छात्रों के बीच अवसरों की दूरी कम करना है, ताकि वे मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश लेकर डॉक्टर बनने का अपना सपना पूरा कर सकें। इस एक वर्षीय कार्यक्रम के लिए आवेदन प्रक्रिया अप्रैल में शुरू हुई थी, जबकि प्रवेश परीक्षा जून में आयोजित की गई। पहले बैच के लिए 30 छात्रों का चयन किया गया है और उनकी कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं।

रिम्स प्रशासन के अनुसार, चयन प्रक्रिया झारखंड सरकार की आरक्षण नीति के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ की गई। आरक्षण मानकों का पालन करते हुए विभिन्न श्रेणियों के पात्र अभ्यर्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया। कार्यक्रम में शामिल छात्रों का कहना है कि महंगी निजी कोचिंग उनके लिए संभव नहीं थी। अब रिम्स के विशेषज्ञ शिक्षकों, संस्थान के शैक्षणिक संसाधनों और मेडिकल छात्रों के मार्गदर्शन से उन्हें बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। रिम्स का मानना है कि यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए मेडिकल शिक्षा का सपना साकार करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here