Wednesday, November 25, 2026
19.5 C
Jharkhand

तीन दिन बाद रांची में लौटी जलापूर्ति, बिजली फॉल्ट ठीक होने के बाद शुरू हुई सप्लाई

Share This Post
रूक्का जलशोध संयंत्र और बूटी पंप हाउस में खराबी के कारण ठप थी सप्लाई, कई इलाकों के लोगों ने जार का पानी खरीदकर चलाया काम

रांची। राजधानी रांची में पिछले तीन दिनों से जारी पेयजल संकट के बाद रविवार को जलापूर्ति व्यवस्था दोबारा शुरू कर दी गयी। रूक्का जलशोध संयंत्र और बूटी पंप हाउस में बिजली से जुड़ी खराबी को दूर करने के बाद अलग-अलग इलाकों में पानी की सप्लाई बहाल की गयी।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह रातू रोड इलाके में जलापूर्ति शुरू की गयी, जबकि शाम करीब 5:30 बजे टाउन लाइन में भी पानी पहुंचना शुरू हो गया।

तीन दिनों से पानी के लिए परेशान थे लोग

जलापूर्ति बंद रहने के कारण शहर के कई इलाकों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ईएमएस, बूटी, कोकर, कांटाटोली, सामलौंग, चुटिया, डंगराटोली, बहुबाजार, सिरमटोली, पत्थलकुदवा और कुरैशी मोहल्ला समेत कई क्षेत्रों में लोग पानी के लिए परेशान रहे। घरों में नियमित सप्लाई नहीं होने के कारण लोगों को पीने और घरेलू जरूरतों के लिए जार का पानी खरीदना पड़ा। कई परिवारों को रोजमर्रा के काम के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी।

आंधी-बारिश के बाद आया बिजली संकट

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के शीर्ष कार्य प्रमंडल के इंजीनियरों के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को हुई आंधी-बारिश के बाद बिजली व्यवस्था में गंभीर खराबी आ गयी थी। इसका सीधा असर रूक्का जलशोध संयंत्र और बूटी पंप हाउस की कार्यप्रणाली पर पड़ा और जलापूर्ति बाधित हो गयी। तकनीकी टीम ने खराबी को दूर करने के बाद रविवार को दोबारा पानी की सप्लाई शुरू करायी।

रूक्का डैम के संप में भरा गया पानी

फॉल्ट ठीक होने के बाद रूक्का डैम के संप में पानी भरा गया। इसके बाद जलापूर्ति व्यवस्था को दोबारा चालू किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार फिलहाल सप्लाई शुरू हो गयी है, लेकिन टाउन लाइन में एक अन्य तकनीकी समस्या अभी बनी हुई है।

टाउन लाइन का खराब वाल्व बदला जाएगा

टाउन लाइन में लगा एक वाल्व खराब हो गया है। यह वाल्व पहाड़ी के ऊपर स्थित होने के कारण उसे बदलने में तकनीकी दिक्कत आ रही है। विभाग की टीम इसे जल्द बदलने की कोशिश कर रही है। वाल्व की समस्या दूर होने के बाद टाउन लाइन की जलापूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने में मदद मिलेगी।

    Hot this week

    Topics

    spot_img

    Related Articles

    Popular Categories

    spot_imgspot_img