रांची के चार बड़े बाजारों का होगा कायाकल्प, मल्टीलेवल पार्किंग से सुधरेगा ट्रैफिक

0
65
Share This Post

डेली मार्केट, न्यू मार्केट, खादगढ़ा बस स्टैंड और बकरी बाजार के लिए NBCC ने पेश किया लेआउट; दुकानदारों की जरूरत और नागरिक सुविधाओं को भी योजना में मिलेगी जगह

रांची: राजधानी रांची के प्रमुख बाजारों को अब नये और आधुनिक स्वरूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गयी है। रांची नगर निगम ने डेली मार्केट, न्यू मार्केट, खादगढ़ा बस स्टैंड और बकरी बाजार के पुनर्विकास की योजना पर काम शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में मंगलवार को दूसरे चरण की बैठक हुई।

बैठक में एनबीसीसी के अधिकारियों ने चारों स्थानों के प्रस्तावित पुनर्विकास से जुड़े लेआउट और डिजाइन का प्रजेंटेशन दिया। योजना में व्यावसायिक परिसर के साथ पार्किंग, यातायात प्रबंधन, बेहतर आवागमन, स्वच्छता और आम लोगों के लिए जरूरी सुविधाओं को शामिल करने पर जोर दिया गया है।

दुकानदारों की जरूरत के अनुसार तैयार होगा बाजार

पुनर्विकास योजना में छोटे, मध्यम और बड़े सभी दुकानदारों की जरूरतों को ध्यान में रखने की बात कही गयी है। दुकानों के आकार और उपलब्ध स्थान को इस तरह व्यवस्थित करने का प्रस्ताव है, जिससे कारोबारियों को उनकी जरूरत के मुताबिक व्यावहारिक जगह मिल सके।

नगर आयुक्त ने प्रस्तुत डिजाइन की समीक्षा करते हुए आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाजारों के विकास में पार्किंग, ट्रैफिक व्यवस्था, सुगम आवागमन और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। अधिकारियों के अनुसार, योजना को अंतिम रूप देने से पहले अलग-अलग स्तरों से प्राप्त सुझावों पर भी विचार किया जाएगा।

डेली मार्केट में पार्किंग और कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का प्रस्ताव

मेन रोड स्थित करीब 2.16 एकड़ क्षेत्रफल वाले डेली मार्केट के लिए आधुनिक व्यावसायिक परिसर और पार्किंग सुविधा विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव के मुताबिक, पार्किंग के लिए जी प्लस-4 संरचना तैयार करने की योजना है। इसके अलावा दो कॉमर्शियल-कम-होटल भवनों के निर्माण का भी प्रस्ताव रखा गया है।

न्यू मार्केट में बनेगा आधुनिक व्यावसायिक परिसर

रातू रोड स्थित न्यू मार्केट के करीब 1.71 एकड़ त्रिकोणीय भू-भाग को आधुनिक दुकान और कार्यालय परिसर के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां करीब 17,913 वर्गमीटर क्षेत्र में व्यावसायिक परिसर विकसित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। इसका उद्देश्य बाजार को व्यवस्थित करने के साथ व्यापारियों और ग्राहकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

खादगढ़ा में आधुनिक कॉमर्शियल-कम-होटल भवन

खादगढ़ा बस स्टैंड की करीब एक एकड़ जमीन पर भी आधुनिक भवन विकसित करने का प्रस्ताव है। यहां बी प्लस जी प्लस-6 संरचना में करीब 10,432 वर्गमीटर क्षेत्रफल का कॉमर्शियल-कम-होटल भवन बनाने की योजना प्रस्तुत की गयी।

बकरी बाजार में बनेगा नया कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स

अपर बाजार स्थित बकरी बाजार की नगर निगम की जमीन पर भी आधुनिक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए बेहतर डिजाइन तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

भविष्य की जरूरतों के हिसाब से बदलेगा बाजारों का स्वरूप

नगर आयुक्त ने कहा कि इन बाजारों का पुनर्विकास रांची के व्यवस्थित और टिकाऊ शहरी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। योजना का उद्देश्य केवल नये भवन तैयार करना नहीं, बल्कि बाजार क्षेत्रों में पार्किंग, ट्रैफिक, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना भी है।

फिलहाल प्रस्तावों पर मंथन जारी है। कई दौर की बैठकों और सुझावों के बाद पुनर्विकास की योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here