ट्रेन की लाइव लोकेशन से CCTV तक एक ही सेंटर से होगी मॉनिटरिंग, हादसे और आपात स्थिति में तेजी से लिया जाएगा फैसला

रांची: यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिचालन को और बेहतर बनाने की दिशा में रांची रेल मंडल ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। मंडल के 55 स्टेशनों की निगरानी और ट्रेन परिचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण गतिविधियों को एक जगह से नियंत्रित करने के लिए करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया जाएगा। प्रस्तावित सेंटर के करीब 18 महीने में चालू होने की उम्मीद है।
55 स्टेशनों पर रहेगी 24 घंटे नजर
इस कमांड सेंटर के जरिए रांची रेल मंडल के सभी 55 स्टेशनों पर लगे CCTV कैमरों की निगरानी की जा सकेगी। इसके अलावा ट्रेनों की आवाजाही, उनकी लाइव लोकेशन, गति, समयपालन, सिग्नलिंग व्यवस्था और बिजली आपूर्ति जैसी अहम जानकारियां भी एक ही जगह पर उपलब्ध रहेंगी।
रेल अधिकारियों के अनुसार, बड़े वीडियो वॉल और डिजिटल स्क्रीन से लैस इस सेंटर के जरिए परिचालन से जुड़ी किसी भी असामान्य स्थिति की जल्द पहचान की जा सकेगी। इससे अधिकारियों को तत्काल निर्णय लेने और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने में मदद मिलेगी।
हादसा या आपात स्थिति में बनेगा सेंट्रल कमांड सेंटर
प्राकृतिक आपदा, रेल दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में यह सेंटर केंद्रीय कमांड की भूमिका निभाएगा। अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए राहत और बचाव कार्य को तेजी से शुरू करने में मदद मिलेगी।
साथ ही, किसी घटना के बाद रेल सेवा को जल्द सामान्य करने के लिए जरूरी संसाधनों और टीमों की तैनाती को भी इसी सेंटर से बेहतर तरीके से समन्वित किया जा सकेगा।
यात्रियों की शिकायतों पर भी होगी निगरानी
रेलवे ऐप और सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाली यात्रियों की शिकायतों को भी कमांड सेंटर से मॉनिटर किया जाएगा। शिकायतों की स्थिति पर नजर रखते हुए संबंधित विभाग तक जानकारी पहुंचाने और उसके समाधान में मदद की जाएगी। इस व्यवस्था से यात्रियों की शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद है।
ट्रेन में देरी और रूट बदलाव की मिलेगी जानकारी
कमांड सेंटर से स्टेशन डिस्प्ले और यात्री सूचना प्रणाली के जरिए ट्रेन के विलंब, रूट में बदलाव और अन्य परिचालन संबंधी अपडेट प्रसारित करने में भी मदद मिलेगी। इससे यात्रियों को समय रहते ट्रेन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी।
हाटिया में डीआरएम कार्यालय का काम भी जल्द
रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार, हाटिया में डीआरएम कार्यालय का निर्माण कार्य मानसून के बाद शुरू होने की उम्मीद है। प्रस्तावित निर्माण को करीब डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कुल मिलाकर, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के शुरू होने के बाद रांची रेल मंडल में ट्रेन संचालन, स्टेशन सुरक्षा, CCTV निगरानी, यात्री शिकायतों और आपातकालीन प्रबंधन को एकीकृत व्यवस्था के तहत संचालित करने में मदद मिलेगी।

