डूरंड कप 2026 के लिए रांची तैयार, 26 जुलाई से फुटबॉल का महासंग्राम शुरू

0
60
Share This Post

बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में जमशेदपुर FC और श्रीलंका की डिफेंडर FC के बीच होगा उद्घाटन मुकाबला, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रहेगा आकर्षण।

रांची: एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप के रांची चरण की शुरुआत अब कुछ ही घंटों में होने जा रही है। पहली बार मेजबानी कर रही राजधानी रांची पूरी तरह फुटबॉल के रंग में रंग चुकी है। आयोजन समिति और जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, जबकि खेल प्रेमियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 26 जुलाई (रविवार) को मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में ग्रुप-सी का उद्घाटन मुकाबला जमशेदपुर FC और श्रीलंका आर्मी की डिफेंडर FC के बीच खेला जाएगा। मैच शाम 5 बजे से शुरू होगा।

उद्घाटन मुकाबले से पहले दोपहर 3:50 बजे से 4:50 बजे तक एक घंटे का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में झारखंड की लोक एवं जनजातीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, जिससे उद्घाटन समारोह और भी खास बनेगा। टूर्नामेंट को लेकर स्टेडियम की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मैदान, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।

इधर, श्रीलंका आर्मी की डिफेंडर FC ने शुक्रवार को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया। खिलाड़ियों ने कई घंटे मैदान पर बिताकर पिच और स्थानीय मौसम का जायजा लिया। यह टीम पहली बार डूरंड कप में हिस्सा ले रही है और अपने अभियान की शुरुआत रांची से करेगी। वहीं, जमशेदपुर FC शनिवार को रांची पहुंचेगी। टीम में झारखंड के पांच खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे स्थानीय फुटबॉल प्रशंसकों का उत्साह और भी बढ़ गया है। पहली बार डूरंड कप की मेजबानी कर रहा रांची अब एशिया के इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट के ऐतिहासिक आगाज का गवाह बनने के लिए पूरी तरह तैयार है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here