
रांची 24 अक्टूबर 2026।अबूआ न्यूज़ झारखंड
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रांची के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन की उपस्थिति में दलादली चौक, तिलता चौक और ओरमांझी समेत विभिन्न इलाकों में अभियान के माध्यम से वाहन चालकों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया।
नागरिकों के जीवन की रक्षा सरकार की प्राथमिकता
अभियान के दौरान परिवहन सचिव राजीव रंजन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और राज्य के नागरिकों के जीवन की रक्षा करना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिकों में जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार विकसित करना जरूरी है। सड़क सुरक्षा के नियमों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने से दुर्घटनाओं को कम करने में मदद मिल सकती है।
सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें नागरिक
परिवहन सचिव ने लोगों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा को केवल प्रशासन की जिम्मेदारी न समझें, बल्कि इसे अपना व्यक्तिगत और सामाजिक दायित्व मानें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात नियमों के अनुरूप वाहन चलाने तथा अवैध पार्किंग से बचने की जरूरत पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु से उसके परिवार को अपूरणीय क्षति होती है। इसलिए सावधानी बरतना प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है।
600 से 700 वाहन चालकों को हेलमेट के प्रति किया जागरूक
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लगभग 600 से 700 वाहन चालकों को जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि हेलमेट केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवन बचाने का महत्वपूर्ण साधन है। दुर्घटना के दौरान हेलमेट सिर में गंभीर चोट लगने और मृत्यु के जोखिम को कम करने में मदद करता है। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और लापरवाही से वाहन नहीं चलाने की हिदायत भी दी गई।
माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर दिया सुरक्षित यातायात का संदेश
जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को प्रेरित करने के लिए जनसहभागिता पर विशेष जोर दिया गया। वाहन चालकों को माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। इसके साथ ही निःशुल्क हेलमेट और सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए। उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।
नुक्कड़ नाटक के जरिए समझाए गए लापरवाही के दुष्परिणाम
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति दी। इनके माध्यम से हेलमेट नहीं पहनने, यातायात नियमों की अनदेखी करने और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को दर्शाया गया। यमराज के पात्र के जरिए लोगों को रोचक अंदाज में सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत किया गया।
अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से बचने की अपील
सड़क किनारे दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को सड़क पर सामान फैलाने, फुटपाथ पर अतिक्रमण करने तथा बड़े वाहनों को अनियमित तरीके से खड़ा करने से होने वाली परेशानियों के बारे में बताया गया। लोगों से सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने तथा वाहनों को निर्धारित स्थान पर पार्क करने की अपील की गई।
आगे भी जारी रहेंगे सड़क सुरक्षा अभियान
परिवहन विभाग की ओर से ऐसे जागरूकता अभियानों को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया गया, ताकि नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आए और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक राहुल सिद्धार्थ, आईटी असिस्टेंट कविता कुमारी, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार एवं अभय कुमार, सड़क सुरक्षा मित्र आशुतोष द्विवेदी, ट्रैफिक पुलिस के जवान और परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।





