
झारखंड 24 अक्टूबर 2026 | अबूआ न्यूज़ झारखंड
झारखंड में 27 अक्टूबर से मौसम में बदलाव होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में पहुंचे चक्रवाती तूफान के कारण निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिसका असर राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 27 अक्टूबर को आसमान में बादल छाये रहेंगे और कुछ इलाकों में बारिश तथा वज्रपात की संभावना है।
28 अक्टूबर से बढ़ेगा तूफान का असर
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 28 अक्टूबर से चक्रवाती तूफान का व्यापक असर झारखंड में पड़ सकता है। रांची समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में तेज हवाओं, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम की यह स्थिति 30 अक्टूबर तक बनी रह सकती है।
दक्षिण-पूर्व, उत्तर-पूर्व और मध्य झारखंड में भी बारिश के आसार
27 अक्टूबर को झारखंड के दक्षिण-पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, विशेषकर आकाशीय बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में जाने से बचना चाहिए।
31 अक्टूबर से मौसम में सुधार की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान के आगे बढ़ने और कमजोर पड़ने के बाद 31 अक्टूबर तथा 1 नवंबर से झारखंड में मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है। बताया गया है कि तूफान थाईलैंड से आगे बढ़ते हुए उत्तरी अंडमान सागर के रास्ते बंगाल की खाड़ी में पहुंचा है। इसके बाद 26 अक्टूबर से इसके दक्षिणी ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है।





