
रांची के पथलकुदवा में नगर निगम की कार्रवाई का विरोध, दुकानदार बोले- पहले दो विकल्प, फिर हटाओ दुकान
अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम की टीम का स्थानीय लोगों ने किया विरोध, भीड़ जुटने से पुरुलिया रोड से बहूबाजार तक लगा जाम

रांची: राजधानी रांची में अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान शनिवार को पथलकुदवा रोड स्थित गुदड़ी चौक पर स्थिति तनावपूर्ण हो गयी। रांची नगर निगम की टीम यहां अतिक्रमण हटाने पहुंची थी, लेकिन स्थानीय पार्षद और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गये और कार्रवाई का विरोध करने लगे।
स्थानीय लोगों के विरोध के चलते दोपहर तक निगम की टीम किसी भी दुकान या अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू नहीं कर सकी। मौके पर निगम के अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की गयी।
दुकानदारों ने मांगी वैकल्पिक जगह
विरोध कर रहे दुकानदारों और स्थानीय लोगों का कहना है कि कई लोग वर्षों से यहां दुकान लगाकर अपने परिवार का गुजारा कर रहे हैं। ऐसे में अचानक दुकानें हटाने से उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पहले दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था या पुनर्वास की जगह तय की जाए और उसके बाद ही दुकानों को हटाया जाए।
सरकारी जमीन पर बनना है सामुदायिक भवन
रांची नगर निगम के मुताबिक, पथलकुदवा रोड पर करीब 19.3 डिसमिल सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बूचड़खाने का संचालन किया जा रहा है। निगम इस जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराकर यहां आम लोगों की सुविधा के लिए आधुनिक सामुदायिक भवन और आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाने की योजना पर काम कर रहा है।
इसी उद्देश्य से निगम की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के कारण कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।
भीड़ के कारण सड़क पर लगा जाम
निगम की कार्रवाई के विरोध में गुदड़ी चौक पर बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने का असर ट्रैफिक पर भी पड़ा। पुरुलिया रोड से बहूबाजार जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी।
सड़क पर भीड़ बढ़ने के कारण वाहन रुक-रुककर चलते रहे और राहगीरों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस और निगम के अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।




