बैग नहीं मिलने पर प्रशासन ने जारी की अपील, प्रभावित मतदाताओं के फॉर्म दोबारा भरेंगे BLO

रांची: रांची विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के दौरान एक बीएलओ (BLO) का एन्यूमरेशन फॉर्म से भरा बैग गुम हो गया है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने आम लोगों से बैग की तलाश में सहयोग करने की अपील की है। इसकी जानकारी रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की।
बैग में थे 400 एन्यूमरेशन फॉर्म
प्रशासन के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच हुई। बीएलओ का बैग पिस्का मोड़ से आईटीआई बस स्टैंड के बीच, बिजली ऑफिस नर्सरी के आसपास लगभग 200 मीटर के दायरे में कहीं गिर गया। बैग में 350 खाली और 50 भरे हुए, कुल 400 एन्यूमरेशन फॉर्म रखे थे। काफी खोजबीन के बावजूद बैग अब तक बरामद नहीं हो सका है।
मतदाताओं को घबराने की जरूरत नहीं
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि रांची विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-65 के मतदाताओं को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जिन मतदाताओं के भरे हुए फॉर्म बैग में थे, उनके एन्यूमरेशन फॉर्म दोबारा भरवाए जाएंगे। इसके लिए संबंधित बीएलओ एक बार फिर घर-घर जाकर पूरी प्रक्रिया पूरी करेंगे, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को असुविधा न हो।
बैग मिलने पर तुरंत दें सूचना
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को यह बैग मिले या उसके बारे में कोई जानकारी हो, तो वह तुरंत अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), रांची या संबंधित एईआरओ जफर हसनात से संपर्क करें। प्रशासन का कहना है कि बैग की बरामदगी चुनावी पुनरीक्षण प्रक्रिया को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

