गढ़वा को बड़ी सौगात! 261 किमी नई रेल लाइन को रेलवे मंत्रालय की मंजूरी

0
84
Share This Post

झारखंड और छत्तीसगढ़ रेल नेटवर्क से होंगे सीधे जुड़े, गढ़वा-रंका-रामानुजगंज होते हुए अंबिकापुर तक पहुंचेगी नई लाइन

गढ़वा: झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। रेल मंत्रालय ने गढ़वा से छत्तीसगढ़ के बलरामपुर तक 261 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन बिछाने को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना का गजट नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। नई रेल लाइन बनने के बाद दोनों राज्यों के बीच आवागमन आसान होगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

प्रस्तावित परियोजना के तहत रामानुजगंज को एक प्रमुख जंक्शन के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां से एक रेल मार्ग गढ़वा, रंका और गोदरमाना होते हुए जुड़ेगा, जबकि दूसरी लाइन बड़गड़ और भंडरिया के रास्ते बरवाडीह तक जाएगी। इसके बाद यह रेल नेटवर्क अंबिकापुर की मुख्य रेल लाइन से जुड़ जाएगा।

पुरानी रेल परियोजना अब भी अधूरी

नई परियोजना से लोगों में उत्साह है, लेकिन गढ़वा के भंडरिया और बड़गड़ क्षेत्र के हजारों ग्रामीण अब भी पुरानी रेल योजना के अधूरे रह जाने से निराश हैं। ब्रिटिश शासनकाल में प्रस्तावित बरवाडीह-चिरमिरी रेल लाइन का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका था, लेकिन आजादी के बाद यह परियोजना ठंडे बस्ते में चली गई और आज तक पूरी नहीं हो सकी।

सड़क यात्रा पर निर्भर हैं हजारों लोग

वर्तमान में झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच आने-जाने का मुख्य साधन सड़क मार्ग है। गढ़वा से छत्तीसगढ़ के लिए प्रतिदिन सैकड़ों बसें चलती हैं, जिनसे हजारों यात्री सफर करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नई रेल परियोजना में भंडरिया और बड़गड़ को भी शामिल किया जाए, तो इस क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

सांसद ने रेल मंत्री तक पहुंचाने का दिया भरोसा

पलामू सांसद बीडी राम ने कहा कि क्षेत्र की मांगों से रेल मंत्रालय को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि नई रेल लाइन तेज रफ्तार ट्रेनों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है, जबकि पुरानी लाइन सीमित गति के अनुरूप डिजाइन की गई थी। सांसद ने भरोसा दिलाया कि स्थानीय लोगों की मांगों को रेल मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here