जेयूटी के नाम पर फर्जी 40 घंटे की ट्रेनिंग का मेल, छात्रों से मांगे गए ₹3,000 तक

0
84
Share This Post

10 हजार से अधिक छात्रों को भेजा गया फर्जी रजिस्ट्रेशन मेल, विश्वविद्यालय ने जारी की चेतावनी

रांची: झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (JUT) के नाम पर छात्रों को फर्जी ईमेल भेजकर पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 40 घंटे के अनिवार्य ट्रेनिंग प्रोग्राम के नाम पर हजारों छात्रों से रजिस्ट्रेशन शुल्क के रूप में ₹3,000 तक मांगे जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, 10 हजार से अधिक छात्रों को एक ईमेल भेजा गया, जिसमें दावा किया गया कि प्रशिक्षण में भाग लेना अनिवार्य है और रजिस्ट्रेशन के लिए निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। कई छात्रों ने इसे सही मानकर भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी।

मामला सामने आने के बाद झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी ने स्पष्ट किया कि यह ईमेल पूरी तरह फर्जी है और विश्वविद्यालय की ओर से ऐसा कोई प्रशिक्षण कार्यक्रम या शुल्क संबंधी निर्देश जारी नहीं किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत संचार माध्यमों पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बिना सत्यापन के किसी भी खाते में पैसे जमा न करें।

विश्वविद्यालय ने यह भी कहा है कि यदि किसी छात्र को इस तरह का ईमेल या संदेश मिला है, तो उसकी सूचना तत्काल विश्वविद्यालय प्रशासन को दें, ताकि इस तरह की साइबर धोखाधड़ी पर रोक लगाई जा सके। प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रशिक्षण, परीक्षा या रजिस्ट्रेशन से जुड़ी सूचना की पुष्टि पहले आधिकारिक माध्यमों से जरूर करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here