नेतरहाट आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 में नामांकन का मौका, 100 सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा की घोषणा

0
67
Share This Post

14 अगस्त से शुरू होगा ऑनलाइन आवेदन, 24 सितंबर तक कर सकेंगे अप्लाई; 22 नवंबर को होगी दो चरणों में प्रवेश परीक्षा

रांची: झारखंड के प्रतिष्ठित नेतरहाट आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा 2026-27 की घोषणा कर दी गई है। विद्यालय की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, इस बार कुल 100 मेधावी बालकों का चयन किया जाएगा। प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और निःशुल्क रखी गई है।

14 अगस्त से आवेदन, 24 सितंबर अंतिम तारीख

नेतरहाट प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 24 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश पत्र 26 अक्टूबर 2026 से डाउनलोड किया जा सकेगा। प्रवेश परीक्षा 22 नवंबर 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी।

दो चरणों में होगी प्रवेश परीक्षा

प्रवेश परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी। पहली पाली में प्रारंभिक परीक्षा (प्रश्नपत्र-1) होगी। यह परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी और इसमें बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा OMR शीट पर होगी और इसमें नकारात्मक अंकन नहीं होगा

प्रारंभिक परीक्षा केवल क्वालिफाइंग प्रकृति की होगी। इसके परिणाम के आधार पर राज्य में लागू आरक्षण व्यवस्था के अनुसार कुल सीटों के पांच गुना यानी 500 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया जाएगा।

इसके बाद दूसरी पाली में मुख्य परीक्षा (प्रश्नपत्र-2) आयोजित होगी। इसमें विषयपरक यानी सब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे। मुख्य परीक्षा के अंकों के आधार पर आरक्षण नियमों के अनुसार 150 अभ्यर्थियों को शारीरिक जांच सह मनोवैज्ञानिक परीक्षण के लिए चुना जाएगा।

शारीरिक एवं मनोवैज्ञानिक परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों में से मेधा क्रम और आरक्षण व्यवस्था के आधार पर अंतिम रूप से 100 छात्रों का चयन किया जाएगा। नामांकन से पहले सभी आवश्यक प्रमाणपत्रों और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।

किन विषयों से होंगे सवाल?

प्रारंभिक परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। इसमें मानसिक योग्यता, गणित, विज्ञान, सामाजिक अध्ययन और हिंदी से प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक विषय से 20-20 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा।

मुख्य परीक्षा भी 100 अंकों की होगी। इसमें हिंदी, गणित, विज्ञान और सामाजिक अध्ययन से 25-25 अंकों के विषयपरक प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा का स्तर सामान्यतः कक्षा 5 तक का होगा। प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में उपलब्ध रहेगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का झारखंड राज्य का मूल निवासी/स्थानीय निवासी होना जरूरी है। इसके अलावा 1 अगस्त 2026 को अभ्यर्थी की उम्र 10 वर्ष से कम और 12 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जन्मतिथि 1 अगस्त 2014 से 31 जुलाई 2016 के बीच होनी चाहिए।

अभ्यर्थी को झारखंड के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा 5 या उससे उच्च कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण होना भी अनिवार्य है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को संबंधित सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी जाति/आरक्षण प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा। आवेदन के समय जरूरी प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं होने पर आवेदन रद्द माना जा सकता है।

पांच प्रमंडल मुख्यालयों में होगी परीक्षा

नेतरहाट प्रवेश परीक्षा झारखंड के पांच प्रमंडल मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी। इनमें चाईबासा, हजारीबाग, रांची, मेदिनीनगर और दुमका शामिल हैं।

आवेदन पूरी तरह निःशुल्क

नेतरहाट प्रवेश परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। यानी आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। अभिभावक ध्यान रखें कि आवेदन में दी गई जानकारी और प्रमाणपत्रों में किसी प्रकार की गलत जानकारी पाए जाने पर अभ्यर्थिता रद्द की जा सकती है और नियमानुसार कार्रवाई भी हो सकती है।

प्रवेश परीक्षा से जुड़ी नवीनतम जानकारी के लिए अभ्यर्थी नेतरहाट आवासीय विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.netarhatvidyalaya.com पर जानकारी देख सकते हैं। किसी परेशानी की स्थिति में कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक 6201750193 और 6201750198 पर संपर्क किया जा सकता है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here