चांडिल में बड़ा सड़क हादसा, कोयला लदा हाइवा केनाल में गिरा

0
59
Share This Post

चांडिल-कांड्रा मार्ग पर जर्जर पुलिया के पास कोयला लदा एक अनियंत्रित हाइवा नहर में गिर गया। चालक ने कूदकर जान बचाई, लेकिन यह घटना सड़क की बदहाली और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की कमी को उजागर करती है।

Chandil Kandra Road Accident: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चैनपुर के पास चांडिल-कांड्रा मार्ग पर कोयला लदा एक हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर मुख्य नहर में जा गिरा। हादसे से पहले चालक ने फुर्ती दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

जर्जर सड़क बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार, चैनपुर के पास चांडिल डैम की मुख्य नहर के ऊपर बनी सड़क और पुलिया लंबे समय से खराब स्थिति में हैं। पुलिया का गार्ड रेल भी क्षतिग्रस्त हो चुका है। ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों ने कई बार सड़क की मरम्मत की मांग करते हुए आंदोलन किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

रेलवे यार्ड से कोयला लेकर जा रहा था हाइवा

जानकारी के मुताबिक, हाइवा चांडिल रेलवे यार्ड से कोयला लेकर कांड्रा की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि वाहन में क्षमता से अधिक कोयला लदा था। जर्जर सड़क पर संतुलन बिगड़ने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और हाइवा नहर में जा गिरा।

ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों का आरोप है कि चांडिल रेलवे यार्ड से प्रतिदिन कोयला, आयरन और अन्य सामान भारी वाहनों के जरिए कोल्हान के औद्योगिक क्षेत्रों में भेजा जाता है। उनका कहना है कि कई हाइवा और ट्रेलर निर्धारित क्षमता से अधिक माल लेकर चलते हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। इस घटना के बाद एक बार फिर ओवरलोड वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here