Jharkhand Weather: 7 जुलाई को रांची समेत कई जिलों में बारिश के आसार

0
4
Share This Post

झारखंड में मानसून सक्रिय हो गया है, जिससे राज्य के सभी जिलों में बारिश हो रही है। अगले तीन दिनों तक मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

Jharkhand Weather: राज्यभर में मॉनसून के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। सोमवार को सबसे ज्यादा 35 मिमी वर्षा लातेहार में दर्ज की गई। इसके अलावा रांची में 15 मिमी, बोकारो में 15 मिमी, मेदिनीनगर में 13 मिमी, जमशेदपुर में 2 मिमी, हजारीबाग, गुमला और कोडरमा में 3-3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रांची समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 7 जुलाई को गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि रांची सहित अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

8 जुलाई को भी देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। 9 जुलाई को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बारिश से तापमान में आई गिरावट

लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरकर 31.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं रांची में अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस घटकर 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस रहा। बोकारो में भी अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here