केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने घोषणा की है कि सहकारी मॉडल पर आधारित ‘भारत टैक्सी’ सेवा का दायरा जल्द ही देश के 500 शहरों तक बढ़ाया जाएगा। इस विस्तार के तहत रांची, पटना, गुवाहाटी समेत कई नए शहरों में भी यह सुविधा शुरू की जाएगी। इसके साथ ही सरकार सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से नई सहकारी जीवन बीमा कंपनी स्थापित करने की तैयारी में भी जुटी है।

Bharat Taxi News: केंद्र सरकार सहकारी मॉडल पर आधारित ‘भारत टैक्सी’ सेवा का तेजी से विस्तार करने की तैयारी में है। अगले दो वर्षों में इस कैब सेवा को देश के 500 शहरों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें रांची भी शामिल है। इसकी जानकारी केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सहकारिता मंत्रालय के पांचवें स्थापना दिवस समारोह के दौरान दी।
जल्द रांची और पटना में मिलेगी सुविधा
फिलहाल भारत टैक्सी सेवा दिल्ली-एनसीआर, गुजरात, लखनऊ, चंडीगढ़, मुंबई, जयपुर और कानपुर जैसे शहरों में उपलब्ध है। आने वाले महीनों में इसका विस्तार रांची, पटना, गुवाहाटी, भोपाल, कोलकाता, इंदौर और नागपुर तक किया जाएगा, जिससे अधिक लोगों को सहकारी मॉडल की टैक्सी सेवा का लाभ मिल सकेगा।
सहकारी जीवन बीमा कंपनी की भी तैयारी
सरकार भारत टैक्सी की तर्ज पर एक सहकारी जीवन बीमा कंपनी शुरू करने की भी योजना बना रही है। इसका उद्देश्य सहकारी क्षेत्र को मजबूत करना और लोगों तक बीमा सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करना है।

