अल्पसंख्यक आयोग ने चुनाव आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, कई जिलों में BLO की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

रांची: झारखंड में चल रही विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष शमशेर आलम ने चुनाव आयुक्त के. रवि कुमार को ज्ञापन सौंपकर प्रक्रिया की समय-सीमा 29 जुलाई से बढ़ाकर 15 अगस्त तक करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य के कई जिलों, विशेषकर अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्ग की अधिक आबादी वाले क्षेत्रों में मतदाताओं तक गणना प्रपत्र समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। कई स्थानों पर BLO द्वारा घर-घर जाकर फॉर्म वितरित नहीं किए जाने और निर्धारित जिम्मेदारियों के सही ढंग से निर्वहन नहीं करने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
15 अगस्त तक समय बढ़ाने की मांग
शमशेर आलम ने कहा कि वर्तमान प्रगति को देखते हुए 29 जुलाई तक SIR प्रक्रिया पूरी करना मुश्किल दिखाई दे रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से समय-सीमा बढ़ाने के साथ सभी BLO को घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने और जरूरतमंद मतदाताओं को प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश जारी करने का आग्रह किया।
हर पात्र मतदाता को मिले मौका
ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि सभी पात्र मतदाताओं तक जल्द से जल्द फॉर्म पहुंचाया जाए, आवेदन और दस्तावेज जमा करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए तथा दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और आर्थिक रूप से कमजोर मतदाताओं के लिए विशेष सहायता शिविर लगाए जाएं। साथ ही दावों और आपत्तियों के निष्पक्ष एवं त्वरित निपटारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
चुनाव आयुक्त का भरोसा
चुनाव आयुक्त के. रवि कुमार ने स्पष्ट कहा कि SIR प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। वहीं, यदि प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि केवल पात्र मतदाताओं के नाम ही अंतिम सूची में शामिल किए जाएंगे।

