बजाज का दावा, पिछले एक दशक में बनी सभी मोटरसाइकिलें E20 फ्यूल के लिए पूरी तरह तैयार, वारंटी पर भी नहीं पड़ेगा असर

नई दिल्ली: देशभर में धीरे-धीरे E20 पेट्रोल की उपलब्धता बढ़ रही है। ऐसे में लाखों पुराने बाइक मालिकों के मन में सवाल है कि क्या उनकी मोटरसाइकिल इस नए ईंधन के साथ सुरक्षित रूप से चल सकेगी। इस पर बजाज ऑटो ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पिछले 10 वर्षों में निर्मित कंपनी की सभी मोटरसाइकिलें E20 पेट्रोल के साथ पूरी तरह कम्पैटिबल हैं।
कंपनी के सेंट्रल मार्केटिंग प्रेसिडेंट सुमीत नारंग ने कहा कि E20 को लेकर ग्राहकों को किसी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि यह भरोसा वर्षों की रिसर्च, डेवलपमेंट और कठोर परीक्षणों के बाद दिया जा रहा है। कंपनी ने अपनी नई ही नहीं, बल्कि पिछले एक दशक में लॉन्च हुई सभी बाइक्स को भी E20 ईंधन के अनुरूप विकसित किया है।
वारंटी पर नहीं पड़ेगा कोई असर
सुमीत नारंग ने यह भी साफ किया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से बाइक की वारंटी प्रभावित नहीं होगी। हालांकि उन्होंने माना कि माइलेज में मामूली कमी देखने को मिल सकती है, लेकिन यह अंतर बहुत अधिक नहीं होगा। उनके अनुसार बाइक का रखरखाव, सड़क की स्थिति और राइडिंग स्टाइल माइलेज को E20 से कहीं अधिक प्रभावित करते हैं।
ब्राजील का उदाहरण देकर समझाया भरोसा

अपने दावे को मजबूत करते हुए बजाज ने ब्राजील का उदाहरण दिया। कंपनी के अनुसार वहां कई वर्षों से E27 (27 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल का उपयोग हो रहा है और बजाज की मोटरसाइकिलें वहां बिना किसी तकनीकी समस्या के सफलतापूर्वक चल रही हैं।
ब्राजील में गन्ने के बड़े उत्पादन के कारण अधिक एथेनॉल मिश्रित ईंधन का इस्तेमाल सामान्य है। इसी वजह से बजाज ने अपने वाहनों को पहले से ही ऐसे ईंधन के अनुकूल बनाया है। कंपनी का कहना है कि यही तकनीकी अनुभव भारत में तैयार होने वाली मोटरसाइकिलों में भी इस्तेमाल किया गया है।
बजाज का मानना है कि E20 पेट्रोल को लेकर ग्राहकों में किसी तरह की भ्रम की स्थिति नहीं होनी चाहिए। यदि आपकी बजाज बाइक पिछले 10 वर्षों के भीतर खरीदी गई है, तो कंपनी के अनुसार आप उसमें बिना किसी अतिरिक्त बदलाव के E20 पेट्रोल का उपयोग कर सकते हैं।

