
बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू, 16 घंटे में पूरा होगा सफर; यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
बेंगलुरु: देश में आधुनिक रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल से इस ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, एचडी कुमारस्वामी, शोभा करंदलाजे और वी. सोमन्ना भी मौजूद रहे।
16 घंटे में पूरा होगा बेंगलुरु से मुंबई का सफर
रेल मंत्री ने कहा कि यह ट्रेन भारत के आईटी और स्टार्टअप हब बेंगलुरु को देश की वित्तीय राजधानी मुंबई से बेहतर तरीके से जोड़ेगी। 16 कोच वाली यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन दोनों शहरों के बीच की दूरी लगभग 16 घंटे में तय करेगी। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। बेंगलुरु से सोमवार और मुंबई से मंगलवार को इसका परिचालन नहीं होगा। निर्धारित मार्ग पर ट्रेन अनंतपुर, गुंटकल, रायचूर, यादगीर, कलबुर्गी, सोलापुर, पुणे और कल्याण स्टेशनों पर रुकेगी। रेल मंत्री ने कहा कि इस मार्ग से उत्तरी कर्नाटक के उन क्षेत्रों को भी बेहतर रेल सुविधा मिलेगी, जहां पहले विश्वस्तरीय ट्रेन सेवाओं की कमी थी।
बेंगलुरु-चेन्नई के बीच 73 मिनट में सफर का लक्ष्य
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु, हैदराबाद, अमरावती और चेन्नई को जोड़ने वाले प्रस्तावित बुलेट ट्रेन साउथ कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद बेंगलुरु से चेन्नई के बीच की यात्रा महज 73 मिनट में पूरी करने का लक्ष्य है। उन्होंने यह भी कहा कि मंगलुरु-बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेन अगले कुछ सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है।
स्लीपर कोच में मिलेंगी प्रीमियम सुविधाएं
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रियों के लिए फर्स्ट एसी, एसी टू-टियर और एसी थ्री-टियर कोच की व्यवस्था है। इसमें आरामदायक बर्थ, रीडिंग लाइट, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और सामान रखने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी। इसके अलावा टच-फ्री बायो-वैक्यूम टॉयलेट, ऑटोमैटिक दरवाजे, ऑनबोर्ड इंफोटेनमेंट और जीपीएस आधारित यात्री सूचना डिस्प्ले जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।
सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे, आग का पता लगाने वाला सिस्टम और आपातकालीन संचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, फर्स्ट एसी कोच में गर्म पानी से स्नान करने के लिए शावर की सुविधा भी होगी। आधुनिक तकनीक और आरामदायक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन लंबी दूरी की रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




