
Jharkhand Admission 2026: इंजीनियरिंग-पॉलिटेक्निक कॉलेजों में अभी भी सीटें खाली, 13 सितंबर को ओपन काउंसलिंग से मिलेगा दाखिले का मौका
तीन चरण की काउंसलिंग के बाद भी सीटें नहीं भर पायीं, 36 इंजीनियरिंग-पॉलिटेक्निक और 3 प्रबंधन संस्थानों में सीधे नामांकन की प्रक्रिया

रांची: झारखंड में इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक की पढ़ाई करने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य के निजी और पीपीपी मोड से संचालित कई संस्थानों में तीन राउंड की काउंसलिंग के बाद भी बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गयी हैं। अब इन सीटों को भरने के लिए 13 सितंबर 2026 को ओपन काउंसलिंग आयोजित की जायेगी।
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत तकनीकी शिक्षा निदेशालय ने रिक्त सीटों पर सीधे नामांकन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। इसके तहत 36 निजी व पीपीपी मोड वाले इंजीनियरिंग-पॉलिटेक्निक संस्थानों और तीन प्रबंधन संस्थानों में विद्यार्थियों को दाखिले का अवसर मिलेगा।
13 सितंबर को होगी ओपन काउंसलिंग
तकनीकी शिक्षा निदेशालय के संयुक्त निदेशक डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) को 13 सितंबर को ओपन काउंसलिंग कराने का निर्देश दिया है। काउंसलिंग के दौरान विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
अब तक नामांकन नहीं लेने वालों के लिए मौका
जिन विद्यार्थियों ने अभी तक इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक या संबंधित पाठ्यक्रमों में दाखिला नहीं लिया है, वे इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के संस्थान से संपर्क कर ओपन काउंसलिंग में शामिल होकर सीधे नामांकन लेने का मौका मिलेगा।
14 सितंबर तक पूरा करना होगा दाखिला
AICTE के निर्देश के अनुसार ओपन काउंसलिंग के बाद सभी संस्थानों को 14 सितंबर 2026 तक नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद 15 सितंबर से कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है।
कंप्यूटर साइंस समेत कई ब्रांच में सीटें खाली
रिक्त सीटों में सबसे ज्यादा सीटें कंप्यूटर साइंस, सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग जैसी प्रमुख शाखाओं में बतायी गयी हैं। ऐसे में इन ब्रांच में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए 13 सितंबर की ओपन काउंसलिंग अहम मौका हो सकती है।




