
झारखंड में शिक्षा अधिकारियों के वेतन के लिए 12.11 करोड़ रुपये जारी, रांची को मिले 1.20 करोड़
डीएसइ, एइओ और बीइइओ के वेतन मद में जिलावार आवंटन जारी, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने जारी की राशि

रांची: झारखंड के शिक्षा अधिकारियों के वेतन से जुड़ी बड़ी खबर सामने आयी है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्यभर में जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसइ), क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी (एइओ) और प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीइइओ) के वेतन के लिए 12.11 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की है।
निदेशालय की ओर से कुल 12,11,66,800 रुपये का आवंटन किया गया है। यह राशि संबंधित अधिकारियों के स्थापना मद में उपलब्ध 84,89,58,000 रुपये के प्रावधान में से जारी की गयी है।
रांची को मिला सबसे ज्यादा आवंटन
जिलावार जारी राशि में रांची को सबसे अधिक 1,20,16,400 रुपये मिले हैं। इस राशि का इस्तेमाल डीएसइ, एइओ और बीइइओ समेत संबंधित शिक्षा अधिकारियों के वेतन भुगतान के लिए किया जायेगा।
वेतन मद में ही होगा राशि का इस्तेमाल
प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि जारी की गयी राशि का उपयोग संबंधित अधिकारियों के वेतन मद में ही किया जायेगा। आवंटन के बाद जिलों में वेतन भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
वित्त विभाग के नियमों के तहत होगा खर्च
विभाग ने निर्देश दिया है कि आवंटित राशि का खर्च वित्त विभाग द्वारा 25 मार्च 2026 को जारी पत्र में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार किया जाये। संबंधित अधिकारियों को राशि के इस्तेमाल में वित्तीय नियमों और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।



