श्रावणी मेले में शुरू हुई हेलीकॉप्टर सेवा, अब आसमान से करें बाबा बैद्यनाथ और त्रिकूट-बासुकीनाथ के दर्शन

0
48
Share This Post

देवघर से हवाई दर्शन और हेलीकॉप्टर यात्रा की सुविधा शुरू। श्रद्धालु अब बाबा धाम, त्रिकूट पर्वत और बासुकीनाथ का कम समय में कर सकेंगे दर्शन।

देवघर: श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार एक नई और खास सुविधा शुरू की गई है। अब श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ धाम, त्रिकूट पर्वत और बासुकीनाथ धाम का हवाई दर्शन कर सकेंगे। राज्य सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग ने देवघर से इस विशेष सेवा की शुरुआत की है, जिसका शुभारंभ मंत्री सुदिव्य कुमार ने किया।

मंगलवार से शुरू हुई इस सेवा का संचालन कुंडा स्थित हेलीपैड से किया जा रहा है। एक उड़ान में पांच श्रद्धालु यात्रा कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को तेज, सुरक्षित और यादगार धार्मिक यात्रा का अनुभव देना है, साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा देना है।

हवाई दर्शन और किराया

  • बाबा बैद्यनाथ धाम का हवाई दर्शन:
    लगभग 7 से 10 मिनट की उड़ान, किराया ₹2,850 प्रति व्यक्ति
  • त्रिकूट पर्वत का हवाई पर्यटन:
    लगभग 10 से 15 मिनट की उड़ान, किराया ₹3,750 प्रति व्यक्ति
  • देवघर से बासुकीनाथ हेलीकॉप्टर यात्रा:
    लगभग 15 मिनट का सफर, किराया ₹4,500 प्रति व्यक्ति

हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ लेने के इच्छुक श्रद्धालु www.jharkhandaviation.in के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। अधिक जानकारी और सहायता के लिए 9122583111 पर संपर्क किया जा सकता है।

बाबा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

श्रावणी मेले के छठे दिन बाबा नगरी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मंदिर प्रशासन द्वारा कतार प्रबंधन और नई व्यवस्था लागू किए जाने के बाद जलार्पण की गति पहले की तुलना में तेज हुई।

मंगलवार को 1,51,373 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया। इनमें 43,859 श्रद्धालु बाह्य अर्घा और 1,00,796 श्रद्धालु आंतरिक अर्घा के माध्यम से जलार्पण करने पहुंचे। वहीं 6,718 श्रद्धालुओं ने नए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग सिस्टम के जरिए जलाभिषेक किया।

मंदिर प्रशासन का कहना है कि अलग-अलग कतारों और बेहतर भीड़ प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में अधिक सुविधा मिल रही है। प्रशासन ने पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

नई हेलीकॉप्टर सेवा और बेहतर व्यवस्थाओं से इस वर्ष श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और यादगार यात्रा अनुभव मिलने की उम्मीद है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here