गेतलसूद डैम का बढ़ा जलस्तर, कभी भी खुल सकते हैं गेट; आसपास के इलाकों में अलर्ट

0
54
Share This Post

1933 आरएल फीट पहुंचा जलस्तर, 1933.5 आरएल फीट पर खोले जाएंगे रेडियल गेट; सायरन बजाकर लोगों को किया जाएगा सतर्क

रांची: लगातार हो रही बारिश के बीच गेतलसूद डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल पथ प्रमंडल रांची ने लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रशासन की ओर से डैम और इसके आसपास के जलाशय क्षेत्र में लोगों को जाने से बचने की सलाह दी गई है।

गेतलसूद डैम की अधिकतम जल क्षमता 1936 आरएल फीट है। मंगलवार सुबह 10:30 बजे यहां जलस्तर 1933 आरएल फीट दर्ज किया गया। विभाग के मुताबिक जलस्तर 1933.5 आरएल फीट तक पहुंचने पर डैम के रेडियल गेट किसी भी समय खोले जा सकते हैं।

गेट खोलने से पहले आसपास के इलाकों में सायरन बजाकर लोगों को अलर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

गेतलसूद डैम के गेट खुलने का असर हुंडरू फॉल, मुरी क्षेत्र और चांडिल डैम के जलस्तर पर भी पड़ सकता है। ऐसे में नदी तट और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

दरअसल, गेतलसूद डैम से सिकिदिरी जल विद्युत परियोजना के लिए नहर के जरिए लगातार पानी की आपूर्ति की जा रही है। दूसरी ओर, लगातार बारिश के कारण डैम में बड़ी मात्रा में पानी पहुंच रहा है। इसी वजह से जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए रेडियल गेट खोलने की तैयारी की जा रही है।

फिलहाल प्रशासन की अपील साफ है—डैम, नदी तट और जलाशय के आसपास जाने से बचें और गेट खुलने से पहले जारी होने वाले अलर्ट पर ध्यान दें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here