
झारखंड के एमानुएल किस्कू ने रचा इतिहास, 80 मीटर हर्डल्स में नेशनल रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण
रांची, 26 अक्टूबर 2026। अबूआ न्यूज़ झारखंड
झारखंड के युवा एथलीट एमानुएल किस्कू ने 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। तमिलनाडु के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में एमानुएल ने 80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
10.17 सेकेंड में पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा
एमानुएल ने प्रतियोगिता के हिट राउंड में ही शानदार प्रदर्शन करते हुए 10.17 सेकेंड का समय दर्ज किया और राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड बिहार के रोहित राज के नाम था, जिन्होंने 11 अक्टूबर 2025 को भुवनेश्वर में 10.28 सेकेंड का समय निकालकर रिकॉर्ड बनाया था।
सेमीफाइनल में भी बरकरार रखा शानदार प्रदर्शन
हिट राउंड में रिकॉर्ड बनाने के बाद एमानुएल ने सेमीफाइनल में भी अपनी गति और प्रदर्शन का शानदार नमूना पेश किया। उन्होंने 10.22 सेकेंड का समय दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में अपने ही रिकॉर्ड को किया बेहतर
फाइनल मुकाबले में एमानुएल ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया और अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर कर दिया। उन्होंने 10.10 सेकेंड में रेस पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने राज्य के लिए स्वर्ण पदक भी जीता।
एमानुएल किस्कू की यह सफलता झारखंड की एथलेटिक्स प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाली उपलब्धि है। उनके प्रदर्शन से राज्य के खेल जगत में खुशी का माहौल है।




