
अरुणाचल प्रदेश में हिंसा के बाद केंद्र सतर्क, RAF की दो कंपनियां तैनात
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर 2026। अबूआ न्यूज़ झारखंड
अरुणाचल प्रदेश के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की दो कंपनियां भेजी हैं। करीब 250 जवानों को वायुसेना के विमान से राज्य में पहुंचाया गया है।
गृह मंत्रालय के निर्देश पर भेजा गया केंद्रीय बल
हिंसा की सूचना मिलने के बाद गृह मंत्रालय ने केंद्रीय बलों की तैनाती का निर्णय लिया। आरएएफ के जवानों को अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट में तैनात किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद करना है।
बिजली परियोजना के विरोध में बुलाया गया था बंद
जानकारी के अनुसार, सियांग क्षेत्र में प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की बिजली परियोजना के विरोध में स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को बंद का आह्वान किया था। इसी दौरान क्षेत्र में हिंसा की स्थिति उत्पन्न होने की सूचना मिली। इलाके में पहले से ही सीआरपीएफ की दो से तीन बटालियनें स्थायी रूप से तैनात हैं।




