रांची, 27 अक्टूबर 2026। अबुआ न्यूज़ झारखंड
चक्रवात ‘अणर्व’ (Cyclone Arnab) और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए रांची जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में दो दिनों तक पठन-पाठन स्थगित रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार, 28 और 29 अक्टूबर 2026 को KG से लेकर कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं संचालित नहीं होंगी।
मौसम विभाग ने जारी की तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड के विभिन्न जिलों में चक्रवात ‘अणर्व’ के प्रभाव से भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, रांची जिले को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखते हुए तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत लिया गया फैसला
मौसम की गंभीरता और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत रांची जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में KG से कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई 28 और 29 अक्टूबर को स्थगित रहेगी।
पूर्व निर्धारित परीक्षाओं पर निजी स्कूल ले सकेंगे निर्णय
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी निजी विद्यालय में पहले से परीक्षा निर्धारित है, तो उस परीक्षा के आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकता है।
शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश
कक्षाएं स्थगित रहने के बावजूद सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। इसके अतिरिक्त, रांची जिले के सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों को ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।





