देवघर से गुवाहाटी के लिए सीधी उड़ान शुरू, पहली फ्लाइट का भव्य स्वागत

0
87
Share This Post
इंडिगो ने शुरू की नई हवाई सेवा। सप्ताह में दो दिन मिलेगी उड़ान, बाबा बैद्यनाथ धाम और मां कामाख्या के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत।

देवघर: झारखंड के देवघर और असम की राजधानी गुवाहाटी के बीच अब सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई है। मंगलवार को इंडिगो एयरलाइंस की पहली सीधी फ्लाइट देवघर एयरपोर्ट पहुंची, जहां विमान का वॉटर सैल्यूट देकर भव्य स्वागत किया गया। इस नई सेवा से पूर्वोत्तर भारत और झारखंड के बीच हवाई संपर्क को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। यह उड़ान सप्ताह में दो दिन, मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होगी। गुवाहाटी से करीब 50 यात्रियों को लेकर पहली फ्लाइट सुबह 11:20 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंची। स्वागत के दौरान एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों को गुलाब का फूल और स्मृति चिन्ह भेंट किए, जबकि सत्संग आश्रम की ओर से पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया गया।

देवघर से गुवाहाटी जाने वाली पहली उड़ान सुबह 11:50 बजे निर्धारित समय पर रवाना हुई। इस ऐतिहासिक अवसर पर पहले यात्री धर्मचंद्र जैन और उनके परिवार के साथ एयरपोर्ट परिसर में केक काटकर नई सेवा का शुभारंभ मनाया गया। नई उड़ान सेवा शुरू होने से बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ मां कामाख्या मंदिर जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। अब झारखंड, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो जाएगी।

एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि इस नई सेवा से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, पर्यटन, धार्मिक यात्रा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। नई उड़ान से देवघर एयरपोर्ट के महत्व में और इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here