विधायक कल्पना सोरेन की पहल और मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद आर्थिक संकट झेल रही मेधावी छात्रा को मिली राहत, उच्च शिक्षा जारी रखने में सरकार करेगी सहयोग।

रांची: आर्थिक तंगी की वजह से आगे की पढ़ाई छोड़ने की नौबत झेल रही राज्य की एक मेधावी छात्रा के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले का संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया है कि प्रतिभा आर्थिक अभाव की वजह से रुकनी नहीं चाहिए और छात्रा की शिक्षा जारी रखने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। बताया जा रहा है कि राज्य की स्टेट टॉपर छात्रा आर्थिक संकट के कारण उच्च शिक्षा जारी रखने में कठिनाइयों का सामना कर रही थी। मामला सामने आने के बाद विधायक कल्पना सोरेन ने छात्रा और उसके परिवार से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा सरकार के स्तर पर आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि छात्रा की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मेधावी विद्यार्थियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और जरूरतमंद छात्रों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का मानना है कि आर्थिक स्थिति किसी भी प्रतिभाशाली छात्र या छात्रा के सपनों के बीच रुकावट नहीं बननी चाहिए। इसी सोच के तहत छात्रा को आगे की पढ़ाई के लिए आवश्यक सहयोग देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की संवेदनशीलता और मेधावी विद्यार्थियों के प्रति सकारात्मक सोच के रूप में देखा जा रहा है। उम्मीद है कि इस फैसले से राज्य के अन्य जरूरतमंद छात्रों को भी प्रेरणा और भरोसा मिलेगा कि प्रतिभा को आगे बढ़ाने में सरकार उनके साथ खड़ी है।

