
मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने किया जेसोवा दीपावली मेले का उद्घाटन, विशेष बच्चों को भी मिली सहायता
रांची: झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने गुरुवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित जेसोवा दीपावली मेला 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (JIASOWA) के सामाजिक और जनकल्याणकारी प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस मेले का उद्देश्य केवल व्यापार और मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की आर्थिक मदद करना, कला-संस्कृति को बढ़ावा देना और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करना है।
विशेष बच्चों की शिक्षा और रचनात्मकता को प्रोत्साहन
मुख्य सचिव ने कहा कि जेसोवा विशेष बच्चों सहित अन्य बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास शिक्षा के प्रसार, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और समाज के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि यह मेला देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिल्पकारों, कारीगरों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों की कला, संस्कृति और परंपराओं के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देता है।
तीन जिलों के पुस्तकालयों को 15-15 लाख रुपये की सहायता
शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जेसोवा ने चाईबासा, देवघर और दुमका के पुस्तकालयों के विकास के लिए प्रत्येक जिले को 15-15 लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। इससे विद्यार्थियों को अध्ययन, ज्ञानवर्धन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
विशेष बच्चों की शिक्षा के लिए 96 हजार रुपये की सहायता
मूक-बधिर एवं दृष्टिबाधित बच्चों को संगीत शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए श्रेयशी बनर्जी को 96 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। वहीं, बच्चों में कला और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आर्ट एंड क्राफ्ट के लिए स्वास्तिका बनर्जी को भी 96 हजार रुपये प्रदान किए गए।
सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहा जनसंपर्क विभाग
मेले में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से स्टॉल लगाया गया है। यहां आम लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं से संबंधित पत्र-पत्रिकाएं निःशुल्क वितरित की जा रही हैं। एलईडी टीवी के माध्यम से योजनाओं पर आधारित लघु फिल्में और डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जा रही हैं।
बारिश के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह
बारिश के बावजूद मेले में लोगों का उत्साह बरकरार रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत सितार और सरोद की जुगलबंदी, सुगम संगीत तथा नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, कठपुतली शो भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
अब 3 नवंबर को होगा मेले का समापन
जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमार ने बताया कि मौसम की स्थिति और बारिश की संभावना को देखते हुए मेले के समापन की तिथि में बदलाव किया गया है। वेंडर्स को संभावित आर्थिक नुकसान से बचाने के उद्देश्य से अब जेसोवा दीपावली मेला 2026 का समापन 2 नवंबर के बजाय 3 नवंबर 2026 को होगा।




