JPSC भर्ती विवाद में CID का बड़ा एक्शन, झारखंड के कई जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी

0
64
Share This Post

रांची, बोकारो, पलामू और हजारीबाग समेत 20 से अधिक ठिकानों पर जांच; कोचिंग संस्थानों और संदिग्धों के घरों की तलाशी, छात्र आंदोलन के बीच तेज हुई कार्रवाई।

झारखंड लोकसेवा आयोग (JPSC) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच अब तेज हो गई है। सोमवार को झारखंड CID ने रांची, बोकारो, पलामू, हजारीबाग समेत राज्य के कई जिलों में एक साथ बड़ी छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान कोचिंग संस्थानों के संचालकों, संदिग्ध लोगों और उनसे जुड़े कई ठिकानों की तलाशी ली गई।

बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-3 स्थित बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के कर्मचारी एस.के. सिंह के आवास पर भी CID की टीम पहुंची। अधिकारियों ने घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की और जांच से जुड़े जरूरी दस्तावेज व जानकारियां जुटाईं।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच के सिलसिले में की जा रही है। अभय तिवारी से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। जांच एजेंसियों ने रांची, धनबाद, हजारीबाग, पलामू सहित अन्य जिलों के अलावा बिहार के कुछ ठिकानों पर भी कार्रवाई की है।

रांची में नामकुम, धुर्वा और अन्य इलाकों में कई कोचिंग संस्थानों व संबंधित लोगों के ठिकानों की तलाशी ली गई। जांच के दायरे में शुभांगन की पाठशाला, पतंजलि IAS टीचर समेत कई संस्थानों के नाम सामने आए हैं। वहीं, नामकुम में आदित्य पांडेय के आवास पर भी CID ने जांच की।

पलामू में कोचिंग संचालक रवि के घर पर भी छापेमारी की गई। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान वह उपलब्ध नहीं मिला और उसका मोबाइल भी बंद है। CID पूरे मामले में दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

इधर, JPSC परीक्षा में कथित धांधली को लेकर रांची में छात्र और अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। प्रदर्शनकारी 14वीं JPSC परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। ऐसे समय में CID की यह व्यापक कार्रवाई जांच को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है। हालांकि, जांच एजेंसियों ने अभी तक किसी गिरफ्तारी या अंतिम निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here