
रोजगार का झांसा देकर 15 वर्षीय किशोरी की तस्करी, राजस्थान में 20 हजार रुपये में बेचने का आरोप

झारखंड के गुमला जिले में मानव तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है। रोजगार दिलाने का प्रलोभन देकर बिशुनपुर प्रखंड के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी को कथित तौर पर तस्करी के जाल में फंसाया गया। आरोप है कि गांव की ही एक महिला उसे काम दिलाने के बहाने दिल्ली ले गई। इसके बाद किशोरी को राजस्थान पहुंचाकर कथित रूप से 50 वर्षीय व्यक्ति के हाथों 20 हजार रुपये में बेच दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि वहां उसकी जबरन शादी कराई गई और उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया जाने लगा।
दिल्ली में दूसरी महिला को सौंपने का आरोप
किशोरी के अनुसार, इसी साल जुलाई में गांव की जतरी उरांव उसे रोजगार दिलाने का भरोसा देकर दिल्ली ले गई थी। वहां उसने किशोरी को सुनीता लोहरा नामक महिला के हवाले कर दिया। सुनीता ने कुछ दिनों तक उसे एक कोठी में काम पर रखा। इसके बाद वह किशोरी को राजस्थान ले गई, जहां कथित तौर पर उसकी शादी 50 वर्षीय व्यक्ति से जबरन करा दी गई।
बंद कमरे में कराई गई शादी की रस्म
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के लिए मेहमानों को भी बुलाया गया था। इस दौरान मुंह दिखाई की रस्म भी पूरी की गई। पूरा कार्यक्रम एक बंद कमरे में कराया गया था। किशोरी के मुताबिक, उसे बेचने के बदले सुनीता को 20 हजार रुपये मिले थे।
विरोध करने पर मारपीट और जबरदस्ती का आरोप
किशोरी ने बताया कि शादी के बाद सुनीता उसे राजस्थान में छोड़कर चली गई। इसके बाद संबंधित व्यक्ति उसे घर में बंद करके रखने लगा। वह चिकन की दुकान चलाता था और दुकान जाने के दौरान किशोरी को घर में बंद कर देता था। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ जबरदस्ती की जाती थी और विरोध करने पर मारपीट भी की जाती थी।
आरोपी के चंगुल से निकलकर घर पहुंची किशोरी
किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलने के बाद किशोरी अपने घर पहुंची। रविवार शाम वह अपने परिजनों के साथ गुमला थाना पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई। घटना सामने आने के बाद मानव तस्करी और नाबालिग के जबरन विवाह का मामला गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
बिशुनपुर थाना प्रभारी अर्जुन यादव ने बताया कि किशोरी की ओर से आवेदन दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि किशोरी और उसके परिजन गुमला चले गए थे। जांच पूरी होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




