
नेपाल में बर्फबारी के बीच फंसे छह भारतीय पर्यटक सुरक्षित रेस्क्यू, हेलीकॉप्टर से निकाले गए

नेपाल के ऊपरी डोल्पा क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण फंसे छह भारतीय पर्यटकों को सोमवार सुबह सुरक्षित बचा लिया गया। इनमें दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। सभी पर्यटकों को हेलीकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, सभी छह पर्यटकों की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है।
सुबह 6:30 बजे शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे पर्यटकों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचकर हेलीकॉप्टर की मदद से दोनों महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया। इसके बाद उन्हें डोल्पा जिले के मुख्यालय दुनै पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों महिलाओं की तबीयत सामान्य थी। इसके बाद हेलीकॉप्टर दोबारा घटनास्थल पर पहुंचा और वहां फंसे चार अन्य पुरुष पर्यटकों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एक नवंबर से टूट गया था संपर्क
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक नवंबर को पहली बार इन भारतीय पर्यटकों के भारी बर्फबारी के कारण दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में फंसे होने की सूचना मिली थी। बर्फबारी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पर्यटकों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो गया था। सूचना मिलने के बाद से ही उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे थे।
जिला प्रशासन ने की सुरक्षित निकाले जाने की पुष्टि
डोल्पा की प्रमुख जिला अधिकारी जुनु हमाल ढकाल ने छह भारतीय पर्यटकों के सुरक्षित रेस्क्यू किए जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है। समय रहते चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन से सभी पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया।




