नई दिल्ली: बोतलबंद पेयजल की गुणवत्ता को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने देशभर में जांच अभियान शुरू किया है। इसके तहत अलग-अलग कंपनियों के बोतलबंद पानी के नमूने एकत्र कर उनकी गुणवत्ता की जांच की जा रही है। जांच के नतीजे आने में एक से दो महीने तक का समय लग सकता है। यह जानकारी FSSAI के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) रजित पुनहानी ने बुधवार को दी।
लोगों में घबराहट फैलाना नहीं, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना उद्देश्य
रजित पुनहानी ने स्पष्ट किया कि इस जांच अभियान का मकसद लोगों के बीच डर या घबराहट पैदा करना नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे बड़े देश में बोतलबंद पानी के नमूनों की जांच पूरी करने में कम से कम एक से दो महीने का समय लग सकता है।
दूध से लेकर पेय पदार्थों तक की हो रही गुणवत्ता जांच
FSSAI पिछले एक साल से खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर लगातार जांच और कार्रवाई कर रहा है। इसके दायरे में दूध और डेयरी उत्पाद, मांस, अंडे, अनाज, एनर्जी ड्रिंक्स और मीठे पेय पदार्थ शामिल हैं। अब बोतलबंद पेयजल को भी इसी अभियान के तहत जांचा जा रहा है।
बिसलेरी के पानी का नमूना जांच में मिला असुरक्षित
बोतलबंद पानी की जांच को लेकर FSSAI की कार्रवाई उस समय तेज हुई, जब बिसलेरी इंटरनेशनल के एक नमूने को जांच में असुरक्षित पाया गया। प्राधिकरण ने इस मामले में कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी भी दी है।
FSSAI के अनुसार, कंपनी के परिसर से लिए गए नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित मानकों से अधिक पाई गई थी। कंपनी की अपील के बाद नमूने को संदर्भ खाद्य प्रयोगशाला में भेजा गया। वहां जांच के दौरान पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी भी सामने आई, जिसके बाद नमूने को असुरक्षित घोषित कर दिया गया।
बिसलेरी ने पेयजल को बताया सुरक्षित
दूसरी ओर, बिसलेरी ने सोमवार को अपने उत्पाद को उपभोग के लिए सुरक्षित बताते हुए कहा था कि वह इस मामले में खाद्य नियामक के साथ पूरा सहयोग करेगी।
खाद्य कंपनियों को नियमों के पालन की सलाह
FSSAI के CEO रजित पुनहानी ने खाद्य कंपनियों को नियामक के सभी नियमों का पालन करने और उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अपनी आंतरिक जांच व्यवस्था मजबूत करने की सलाह दी है। उन्होंने उत्पादों के लेबल और विज्ञापनों में भ्रामक दावे नहीं करने पर भी जोर दिया।
पैकेजिंग सामग्री की भी होगी जांच
खाद्य सुरक्षा नियामक जल्द ही खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाली पैकेजिंग सामग्री का निरीक्षण भी शुरू करने जा रहा है। इसका उद्देश्य खाद्य उत्पादों की सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर निर्धारित मानकों का बेहतर तरीके से पालन सुनिश्चित करना है।





