Ranchi: झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सदन में सियासी सरगर्मी तेज हो गई। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने SIR प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए इसके खिलाफ सदन में प्रस्ताव पेश किया।
SIR की प्रक्रिया पर उठाए सवाल, पारदर्शिता की मांग
प्रस्ताव पेश करते हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के दौरान प्रक्रियागत जटिलताओं और तकनीकी खामियों के कारण आम मतदाताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड के कुल 2.21 करोड़ मतदाताओं में से करीब 27 प्रतिशत को संदिग्ध मानते हुए नोटिस जारी किए गए हैं।
किशोर ने भारत निर्वाचन आयोग पर केंद्र सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना जरूरी है।
नई SOP जारी करने की उठाई मांग
वित्त मंत्री ने SIR प्रक्रिया को तत्काल रोकने और इसमें पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी करने की मांग की। उनका कहना था कि मौजूदा प्रक्रिया में सुधार किए बिना इसे आगे बढ़ाना उचित नहीं है।
भाजपा ने किया प्रस्ताव का विरोध
वहीं, भाजपा विधायकों ने सरकार के प्रस्ताव का विरोध किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि SIR के माध्यम से मतदाता सूची का शुद्धिकरण किया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार पर इस प्रक्रिया को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
प्रस्ताव पर मतदान की संभावना
विधानसभा के एक अधिकारी के मुताबिक, विशेष सत्र में SIR प्रक्रिया से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। चर्चा के बाद प्रस्ताव पर मतदान होने की संभावना है। सदन से मंजूरी मिलने की स्थिति में प्रस्ताव को केंद्र सरकार और अन्य संबंधित सक्षम प्राधिकारियों के पास भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि दो दिवसीय विशेष सत्र में SIR के अलावा अगस्त में संसद से पारित संशोधित खान कानून पर भी चर्चा होनी है।





