
रांची में दो दिन से पानी की किल्लत, बूटी प्लांट की खराबी से 3 लाख लोग प्रभावित
बूटी जलागार की टाउन पाइपलाइन में लीकेज से एक दर्जन से ज्यादा इलाकों में सप्लाई रही बंद, मरम्मत के बाद कुछ क्षेत्रों में पानी पहुंचा

रांची: राजधानी रांची के कई इलाकों में पिछले दो दिनों से पानी की सप्लाई बाधित रहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बूटी जलागार से निकलने वाली टाउन पाइपलाइन में खराबी के चलते शहर के एक दर्जन से ज्यादा क्षेत्रों में लगातार दूसरे दिन भी जलापूर्ति नहीं हो सकी।
पानी नहीं आने के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाजार से पानी खरीदना पड़ा। इस समस्या से करीब तीन लाख की आबादी प्रभावित बतायी जा रही है।
बूटी प्लांट में लीकेज से बिगड़ी सप्लाई
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अनुसार, बूटी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में रविवार को लीकेज की समस्या सामने आयी थी। इसके बाद पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू किया गया।
जलापूर्ति प्रभावित होने वाले इलाकों में ईएमएस, बूटी, कोकर, कांटाटोली, सामलौंग, चुटिया, डंगराटोली, बहुबाजार, सिरमटोली, पत्थलकुदवा और कुरैशी मोहल्ला समेत कई क्षेत्र शामिल रहे।
कुछ इलाकों में सप्लाई हुई बहाल
विभागीय अधिकारियों के अनुसार पाइपलाइन में आयी खराबी को ठीक करने का काम पूरा कर लिया गया है। इसके बाद रातू रोड और जिला स्कूल क्षेत्र में पानी की आपूर्ति दोबारा शुरू कर दी गयी है। हालांकि, अन्य प्रभावित इलाकों में अभी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार से सामान्य होने की उम्मीद
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंताओं ने बताया कि मरम्मत का काम पूरा होने के बाद अब धीरे-धीरे जलापूर्ति बहाल की जा रही है। विभाग के अनुसार मंगलवार से बाकी प्रभावित क्षेत्रों में भी पानी की सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद है। लगातार दो दिनों तक पानी की कमी से परेशान लोगों को अब जलापूर्ति पूरी तरह बहाल होने का इंतजार है।




