
बहुबाजार-पटेल चौक फ्लाईओवर के लिए 2.18 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण, सिरमटोली-मेकॉन और कोकर भी जुड़ेंगे
करीब 1.25 किमी लंबा होगा कनेक्टिंग फ्लाईओवर, पांच क्षेत्रों की जमीन अधिग्रहण के दायरे में; मुआवजे के लिए रैयतों से आवेदन जमा करने को कहा गया

रांची। राजधानी रांची में बहुबाजार से पटेल चौक के बीच प्रस्तावित कनेक्टिंग फ्लाईओवर परियोजना को लेकर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। इस फ्लाईओवर के निर्माण के लिए कुल 2.1889 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जानी है। जिला भू-अर्जन कार्यालय के रिकॉर्ड में अधिग्रहण के दायरे में आने वाले प्लॉट और संबंधित रैयतों की जानकारी दर्ज की गयी है।
करीब 1.25 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर का उद्देश्य शहर के दो महत्वपूर्ण फ्लाईओवर कॉरिडोर को आपस में जोड़ना है। इसके तहत सिरमटोली-मेकॉन फ्लाईओवर को पटेल चौक और कोकर-योगदा सत्संग आश्रम फ्लाईओवर को बहुबाजार से जोड़ा जाना प्रस्तावित है।
इन इलाकों से ली जाएगी जमीन
जिला भू-अर्जन कार्यालय के दस्तावेज के अनुसार जमीन अधिग्रहण के लिए वार्ड संख्या 4, 5 और 6 के साथ-साथ कांके और सिरम मौजा की जमीन चिह्नित की गयी है।
इनमें सबसे ज्यादा जमीन सिरम मौजा से 0.9730 एकड़ अधिग्रहित की जानी है। इसके अलावा वार्ड 6 से 0.8708 एकड़, वार्ड 5 से 0.3079 एकड़, वार्ड 4 से 0.0330 एकड़ और कांके मौजा से 0.0042 एकड़ जमीन प्रस्तावित है।
रिकॉर्ड में अलग-अलग प्लॉट नंबर भी दर्ज किये गये हैं। वार्ड 4 में प्लॉट संख्या 1703, जबकि वार्ड 5 में 1004, 975, 950, 946 और 941 शामिल हैं। वार्ड 6 में 827, 825, 822, 823, 522, 518, 517 और 503 समेत कई प्लॉट अधिग्रहण के दायरे में हैं। सिरम मौजा के विभिन्न आरएस और एमएस प्लॉट भी इसमें शामिल हैं।
रैयतों को दिया गया नोटिस
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत संबंधित हितबद्ध रैयतों को भूमि अधिग्रहण अधिनियम की धारा-37 के तहत नोटिस उपलब्ध कराया जा चुका है। दस्तावेज के मुताबिक अभी तक संबंधित रैयतों की ओर से मुआवजा प्राप्त करने के लिए अंचल कार्यालय में जरूरी आवेदन जमा नहीं किया गया है। इसी वजह से अधिग्रहित जमीन और उस पर मौजूद संरचनाओं का मुआवजा भुगतान लंबित है। मुआवजा लेने के लिए रैयतों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन और आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
शहर के ट्रैफिक को मिलेगा बेहतर कनेक्शन
बहुबाजार-पटेल चौक कनेक्टिंग फ्लाईओवर बनने के बाद रांची के प्रमुख फ्लाईओवरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे सिरमटोली-मेकॉन, बहुबाजार, पटेल चौक और कोकर की ओर आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक और बेहतर मार्ग मिल सकेगा।
परियोजना को इसी साल पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार के कारण अब इसके अगले वर्ष पूरा होने की संभावना है। फ्लाईओवर के तैयार होने के बाद शहर के व्यस्त हिस्सों में ट्रैफिक दबाव कम करने और आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।



