
रांची के पिस्का मोड़ में बनेगा मधुमक्खी के छत्ते जैसा दुर्गा पूजा पंडाल, 14 फीट की होगी मां की प्रतिमा
80 फीट लंबा और 100 फीट चौड़ा होगा पंडाल, अंदर सुनाई देगी मधुमक्खियों की आवाज; 22 लाख रुपये में तैयार हो रहा पूरा आयोजन

रांची: दुर्गा पूजा को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। पिस्का मोड़ स्थित लकड़ी टाल में इस बार श्रद्धालुओं को कुछ अलग देखने को मिलेगा। शिवा सेना दुर्गा पूजा समिति की ओर से यहां मधुमक्खी के छत्ते की थीम पर भव्य पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल की सजावट में प्रकृति और मधुमक्खियों की दुनिया की झलक देखने को मिलेगी।
80 फीट लंबा और 100 फीट चौड़ा होगा पंडाल
पूजा समिति के अध्यक्ष रमाकांत ओझा के अनुसार प्रस्तावित पंडाल करीब 80 फीट लंबा और 100 फीट चौड़ा होगा। पंडाल में मां दुर्गा की 14 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
पंडाल को पूरी तरह मधुमक्खी के छत्ते की शक्ल देने की तैयारी है। छत्ते के ऊपर कृत्रिम मधुमक्खियां लगायी जाएंगी, जबकि अंदर भी छोटे-छोटे छत्तों के मॉडल तैयार किये जाएंगे।
पंडाल के अंदर सुनाई देगी मधुमक्खियों की आवाज
इस पंडाल की खास बात इसकी थीम के साथ-साथ अंदर का अनुभव भी होगा। श्रद्धालुओं के लिए पंडाल के भीतर मधुमक्खियों की आवाज का साउंड इफेक्ट तैयार किया जाएगा।
इसके अलावा पंडाल के अंदर पेड़-पौधों के मॉडल भी लगाए जाएंगे। इस तरह पूरी सजावट को प्रकृति से जोड़ने की कोशिश की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को मधुमक्खियों और प्राकृतिक वातावरण के बीच होने जैसा अनुभव मिल सके।
आयोजन पर खर्च होंगे 22 लाख रुपये
समिति के अनुसार इस बार दुर्गा पूजा के पूरे आयोजन पर करीब 22 लाख रुपये खर्च किये जा रहे हैं। पंडाल और सजावट के साथ श्रद्धालुओं के लिए भोग और अन्य व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।
षष्ठी से खुलेगा पंडाल, 21 अक्टूबर को विसर्जन
समिति के मुताबिक पूजा पंडाल का पट षष्ठी तिथि को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। पूजा के दौरान हर दिन अलग-अलग तरह का भोग लगाया जाएगा।
20 अक्टूबर यानी विजयादशमी के दिन भंडारे का आयोजन होगा। इसमें श्रद्धालुओं को पूरी, सब्जी, बुंदिया समेत कई तरह के पकवान परोसे जाएंगे। वहीं, 21 अक्टूबर को मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
मेले के साथ सुरक्षा की भी रहेगी व्यवस्था
पूजा पंडाल के आसपास मेले का भी आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
इसके अलावा समिति के कार्यकर्ता भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। पिस्का मोड़ से लेकर ओटीसी मैदान तक विशेष सजावट की तैयारी है, जिसके लिए बंगाल से लाइटें मंगायी जा रही हैं।
पूजा समिति की कमेटी
पूजा समिति में मुख्य संरक्षक उदय प्रताप मुन्ना, संरक्षक अमित कुमार टुन्ना, संयोजक बैजू सोनी, अध्यक्ष रमाकांत ओझा, कार्यकारी अध्यक्ष नरेश पंडित, सचिव दीपक पोद्दार, कोषाध्यक्ष श्रवण साहू, महामंत्री अभय मिश्रा सहित कई पदाधिकारी और सदस्य शामिल हैं। मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सुबेश पांडेय संभाल रहे हैं।




