
साहिबगंज-गोड्डा को बड़ी सौगात, मिर्जाचौकी से महागामा तक बनेगा 49.5 किमी फोरलेन
एनएचएआई बनाएगा नया फोरलेन कॉरिडोर, साहिबगंज से देवघर और रांची का सफर होगा आसान; कटिहार-पूर्णिया के लोगों को भी मिलेगा सीधा फायदा

साहिबगंज: साहिबगंज और गोड्डा के लोगों के लिए सड़क कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी खबर है। मिर्जाचौकी से महागामा के बीच करीब 49.5 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनाने की योजना तैयार की गई है। इस सड़क का निर्माण नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी NHAI कराएगा।
प्रस्तावित फोरलेन सड़क NH-133 का हिस्सा होगी, जो आगे साहिबगंज सदर प्रखंड के हाजीपुर के पास NH-33 यानी पुराने NH-80 से जुड़ेगी। करीब 49.5 किलोमीटर के इस प्रोजेक्ट में 22.5 किलोमीटर सड़क साहिबगंज जिले में, जबकि बाकी हिस्सा गोड्डा जिले में आएगा।
इस सड़क के बन जाने के बाद साहिबगंज से देवघर और रांची जाने का रास्ता पहले के मुकाबले आसान और सुविधाजनक हो सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, साहिबगंज से देवघर की दूरी भी करीब 20 से 25 किलोमीटर तक कम हो जाएगी। इसके साथ ही संताल परगना और बिहार के सीमांचल क्षेत्र के बीच कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
पहले से तैयार है महागामा-हंसडीहा सड़क
दरअसल, महागामा से हंसडीहा के बीच करीब 60 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण NHAI पहले ही करा चुका है और इस पर वाहनों का परिचालन भी शुरू हो गया है। अब मिर्जाचौकी को महागामा से जोड़ने की योजना से इस पूरे रूट की कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि एनएच-133 को एनएच-33 से जोड़ने की कवायद लंबे समय से चल रही थी। पहले महागामा-एकचारी रोड को फोरलेन करने का प्रस्ताव सामने आया था, लेकिन NHAI ने इसे उपयोगी नहीं माना। इसके बाद मिर्जाचौकी के रास्ते हंसडीहा-महागामा NH-133 को NH-33 से जोड़ने की नई योजना तैयार की गई।
NHAI के स्थानीय निदेशक अनुराग गुप्ता ने शुक्रवार को गोड्डा और शनिवार को साहिबगंज के उपायुक्त के साथ इस प्रस्ताव पर चर्चा की। दोनों जिलों की ओर से प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। अब इसे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के पास भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद जमीन अधिग्रहण समेत आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
कटिहार-पूर्णिया के लोगों को भी मिलेगा फायदा
इस फोरलेन का फायदा सिर्फ साहिबगंज और गोड्डा तक सीमित नहीं रहेगा। कटिहार, पूर्णिया और किशनगंज जैसे बिहार के जिलों के लोगों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
गंगा नदी पर पुल का निर्माण अगले साल तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद कटिहार-पूर्णिया की तरफ से आने वाले लोग पुल पार करने के बाद मिर्जाचौकी की ओर मुड़कर मिर्जाचौकी-महागामा होते हुए सीधे देवघर पहुंच सकेंगे।
वहीं, गोड्डा से सिलीगुड़ी समेत दूसरे इलाकों तक पहुंचना भी आसान हो सकता है। इसके अलावा हंसडीहा से देवघर के बीच बनने वाली फोरलेन सड़क का टेंडर भी हो चुका है। ऐसे में आने वाले समय में इस पूरे रूट पर सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।




