रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कसेगा शिकंजा, ब्लैक शीशे से फैंसी नंबर प्लेट तक होगी कार्रवाई
दुर्गापूजा, दीपावली, छठ और अक्तूबर में क्रिकेट मैच को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने तैयार की रणनीति; नशे में ड्राइविंग, रेसिंग और नाबालिगों के वाहन चलाने पर भी सख्ती

रांची: त्योहारों के मौसम और अक्तूबर में होने वाले क्रिकेट मैच को देखते हुए राजधानी रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में बढ़ने वाले वाहनों के दबाव और संभावित जाम से निबटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अभी से कार्ययोजना तैयार करना शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर कई अहम फैसले लिये गये। बैठक में दोनों ट्रैफिक डीएसपी, यातायात थाना प्रभारी और यातायात परिचारी मौजूद रहे।
नियम तोड़ा तो वाहन चालकों पर होगी सख्ती
ट्रैफिक पुलिस अब यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलायेगी। ब्लैक शीशे, फैंसी नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा तेज रफ्तार में वाहन चलाने, रेस ड्राइविंग, नशे में ड्राइविंग, ओवरलोडिंग और नाबालिगों के वाहन चलाने पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
नंबर प्लेट पर टेप लगाकर नंबर छिपाने या नंबर को गलत तरीके से लिखने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
ऑटो-टोटो चालकों के लिए यूनिफॉर्म जरूरी
शहर में ऑटो और टोटो के कारण लगने वाले जाम को कम करने के लिए भी पुलिस सख्ती करेगी। ऑटो और टोटो चालकों के लिए यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य रहेगा। इसके साथ ही ट्रैफिक पोस्ट के पास लेफ्ट फ्री रास्ते में वाहन खड़ा करने और चौक-चौराहों पर ऑटो-टोटो लगाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
सड़क किनारे अतिक्रमण पर भी चलेगा अभियान
सड़कों के किनारे अवैध तरीके से दुकान या ठेला लगाने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस नगर निगम के सहयोग से सड़क किनारे किये गये अतिक्रमण को हटायेगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि यातायात व्यवस्था को लेकर किसी तरह की लापरवाही न बरती जाये और नियमों का पालन हर हाल में कराया जाये।
स्कूल टाइम में रहेगी विशेष निगरानी
स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय शहर के प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इस दौरान जाम की स्थिति पर विशेष नजर रखी जाएगी।
बारिश के कारण कहीं जलजमाव या किसी अन्य वजह से यातायात बाधित होने पर संबंधित थाना प्रभारी खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे। क्यूआरटी और अभियान टीम की मदद से जाम वाले स्थानों पर तत्काल कार्रवाई कर यातायात सामान्य कराया जाएगा।
त्योहारों और क्रिकेट मैच को लेकर खास तैयारी
गणेश पूजा, करमा पूजा, दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान शहर में वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा अक्तूबर में क्रिकेट मैच के दौरान भी बड़ी संख्या में लोगों के शहर में आने की उम्मीद है। इसी को देखते हुए ट्रैफिक अधिकारियों को पहले से रूट, जाम वाले स्थानों और भीड़ प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने और उसे सख्ती से लागू कराने का निर्देश दिया गया है।




