
Giridih News: कल्पना सोरेन और डीसी ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा और स्वच्छता पर जोर
गिरिडीह, 29 अक्टूबर 2026। अबुआ न्यूज़ झारखंड
छठ महापर्व को लेकर गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन और उपायुक्त रामनिवास यादव ने बुधवार को सेनादोनी गांव स्थित तालाब तथा लेदा छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता तथा घाटों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
छठव्रतियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, श्रद्धा और पवित्रता का प्रतीक है। इस महापर्व में छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षित आवागमन और अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की उपासना कर सकें।
ग्रामीणों को सरकार के डेढ़ साल की परिस्थितियों से कराया अवगत
घाटों के निरीक्षण से पहले विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने ग्रामीणों को हेमंत सरकार के डेढ़ साल के कार्यकाल के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में जो साथ खड़ा रहता है, वही सच्चा साथी होता है।




