
रक्षा शक्ति विवि में शुरू हुआ पलाश दीदी कैफे, अब कैंपस में मिलेगा झारखंडी व्यंजनों का स्वाद
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया उद्घाटन, बोलीं- ग्रामीण महिलाओं के हुनर को बाजार से जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता

रांची: झारखंड के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद अब झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय के कैंपस में भी मिलेगा। शुक्रवार को विश्वविद्यालय में पलाश दीदी कैफे की शुरुआत की गई। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कैफे का उद्घाटन किया और वहां तैयार व्यंजनों का स्वाद भी चखा।
ग्रामीण महिलाओं के हुनर को मिलेगा बाजार
कैफे की शुरुआत को ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। उद्घाटन के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि पलाश दीदी कैफे सिर्फ स्थानीय और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की पहल नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता को पहचान दिलाने का माध्यम भी है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण महिलाओं को उनकी क्षमता और रुचि के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके बाद उन्हें ऋण और दूसरी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर स्वरोजगार से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। अब उनके बनाए उत्पादों और सेवाओं को बाजार तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगी नई पहचान

मंत्री ने कहा कि पलाश के जरिए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। इससे महिलाओं को उनके उत्पादों की बेहतर पहचान के साथ उचित कीमत दिलाने में भी मदद मिलेगी।
सरकारी कार्यक्रमों और विभिन्न संस्थानों में पलाश से जुड़ी दीदियों के उत्पादों और खाद्य सामग्री को प्राथमिकता देने के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) लगातार प्रयास कर रही है।
छह महीने में खुलेगा पहला पलाश मार्ट
सरकार अब पलाश की इस पहल को और बड़े स्तर पर ले जाने की तैयारी में है। मंत्री ने बताया कि अगले छह महीने के भीतर रांची में राज्य का पहला पलाश मार्ट शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा भगवान बिरसा जैविक उद्यान में भी जल्द पलाश दीदी कैफे शुरू किया जाएगा। यहां स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार स्थानीय खाद्य पदार्थों और अन्य उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
पूरे राज्य में विस्तार की तैयारी

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि पलाश दीदी कैफे के जरिए एक तरफ लोगों को झारखंड के पारंपरिक स्वाद से जोड़ने का काम होगा, तो दूसरी तरफ ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने के लिए नया बाजार मिलेगा।
सरकार की योजना आने वाले समय में पलाश दीदी कैफे का विस्तार राज्य के अलग-अलग हिस्सों में करने की है, ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। कार्यक्रम में JSLPS के CEO अनन्य मित्तल, IAS अधिकारी अंजलि यादव समेत विभाग और JSLPS के कई अधिकारी मौजूद रहे।





