रांची में सेना भर्ती रैली शुरू, 15 सितंबर तक चलेगी प्रक्रिया; जानें किस जिले के अभ्यर्थी कब होंगे शामिल

0
109
Share This Post

होटवार स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में तड़के 4 बजे से शुरू हुई भर्ती, 12 सितंबर को सभी 24 जिलों के ट्रेड्समैन अभ्यर्थियों की बारी; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

रांची: राजधानी रांची के खेलगांव स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में सेना भर्ती रैली की शुरुआत हो गई है। गुरुवार तड़के करीब 4 बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू की गयी। इससे पहले बुधवार रात करीब 8 बजे से ही अभ्यर्थियों की एंट्री शुरू कर दी गयी थी। झारखंड के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होने के लिए रांची पहुंचे हैं।

यह भर्ती रैली 15 सितंबर तक चलेगी। अभ्यर्थियों की संख्या और अलग-अलग ट्रेड के आधार पर जिलेवार तिथियां तय की गयी हैं। भर्ती स्थल पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और रांची पुलिस की ओर से सुरक्षा के साथ जरूरी नागरिक सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया है।

किस दिन किन जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल?

3 सितंबर

एआरओ रांची और एआरओ मुजफ्फरपुर के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
कैटेगरी: सेंट्रल कैटेगरी, सॉल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट, सिपाही फार्मा, आरटी जेसीओ और हवलदार ईडीएन।

4 सितंबर

आरओ हेडक्वार्टर दानापुर, एआरओ कटिहार और एआरओ गया के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
कैटेगरी: सेंट्रल कैटेगरी, सॉल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट।

5 सितंबर

इन जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे: बोकारो, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, जामताड़ा, खूंटी, लोहरदगा, पाकुड़ और सिमडेगा।
ट्रेड: अग्निवीर टेक्निकल।

6 सितंबर

हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, पलामू, रामगढ़, रांची, साहेबगंज, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
ट्रेड: अग्निवीर टेक्निकल।

7 सितंबर

रांची, साहेबगंज, सरायकेला-खरसावां और देवघर के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
ट्रेड: अग्निवीर जनरल ड्यूटी।

8 सितंबर

गुमला, हजारीबाग, जामताड़ा और पूर्वी सिंहभूम के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
ट्रेड: अग्निवीर जनरल ड्यूटी।

9 सितंबर

पाकुड़, गिरिडीह, सिमडेगा, रामगढ़, लातेहार और बोकारो के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
ट्रेड: अग्निवीर जनरल ड्यूटी।

10 सितंबर

दुमका, लोहरदगा, धनबाद, कोडरमा और गढ़वा के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
ट्रेड: अग्निवीर जनरल ड्यूटी।

11 सितंबर

पलामू, चतरा, पश्चिमी सिंहभूम, गोड्डा और खूंटी के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
ट्रेड: अग्निवीर जनरल ड्यूटी।

12 सितंबर

इस दिन झारखंड के सभी 24 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
ट्रेड: अग्निवीर ट्रेड्समैन, 10वीं और 8वीं पास।

12 प्रमुख जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था

भर्ती रैली में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। भर्ती स्थल और आसपास के 12 प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गयी है।

इनमें रेस्ट एरिया, फुटबॉल मैदान, हैंगर, टावर नंबर 3 और 4, स्टेडियम परिसर, मुख्य गेट, मेडिकल जांच के लिए गेट नंबर 2, मेन रोड की बैरिकेडिंग और मुख्य एथलेटिक स्टेडियम भवन सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं। स्थिति के अनुसार कुछ स्थानों पर लाठी बल के साथ अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

दलालों और ठगी से रहें सावधान

भर्ती में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों और क्षेत्रों से पहुंच रहे अभ्यर्थियों को ठगी से बचाने के लिए पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। संबंधित थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी लगातार गश्त कर रहे हैं। अभ्यर्थियों से किसी भी तरह के दलाल या ठगी करने वाले व्यक्ति के झांसे में नहीं आने की अपील की गयी है।

अभ्यर्थियों के लिए पानी, शौचालय और बस की व्यवस्था

भर्ती स्थल पर बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन की ओर से बुनियादी सुविधाओं का इंतजाम भी किया गया है। अभ्यर्थियों के लिए अस्थायी शौचालय, पेयजल टैंकर और पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था की गयी है। जलापूर्ति विभाग की ओर से आसपास वाटर टैप प्वाइंट भी उपलब्ध कराए गए हैं। दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वाहनों और बसों की व्यवस्था भी की गयी है, ताकि भर्ती स्थल तक पहुंचने में उन्हें परेशानी न हो।

भर्ती रैली को लेकर प्रशासन अलर्ट

रांची में शुरू हुई सेना भर्ती रैली को लेकर प्रशासन और पुलिस दोनों अलर्ट मोड में हैं। बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

15 सितंबर तक चलने वाली इस भर्ती प्रक्रिया में जिले और ट्रेड के हिसाब से अलग-अलग दिन अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा। ऐसे में उम्मीदवारों के लिए निर्धारित तिथि, श्रेणी और जरूरी निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी होगा।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here