रांची में 3 सितंबर से सेना भर्ती रैली, 15 तक चलेगी प्रक्रिया; अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम

0
84
Share This Post

खेलगांव स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जुटेंगे झारखंड के युवा, 12 स्थानों पर मजिस्ट्रेट-पुलिस की तैनाती; दलालों और ठगी से सावधान रहने की अपील

रांची: सेना में भर्ती होने का सपना देख रहे झारखंड के युवाओं के लिए अहम खबर है। राजधानी रांची के खेलगांव स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में 3 सितंबर से सेना भर्ती रैली शुरू होने जा रही है। भर्ती प्रक्रिया 15 सितंबर तक चलेगी। इसमें शामिल होने के लिए राज्य के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के रांची पहुंचने की संभावना है।

अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और रांची पुलिस ने सुरक्षा के साथ-साथ सुविधाओं को लेकर भी व्यापक तैयारी की है। भर्ती के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक की ओर से संयुक्त आदेश जारी किया गया है।

12 प्रमुख जगहों पर तैनात होंगे मजिस्ट्रेट और जवान

भर्ती स्थल और आसपास के इलाकों में 12 प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। रेस्ट एरिया, फुटबॉल मैदान, हैंगर, ट्रावर नंबर-3 और 4, स्टेडियम परिसर, मुख्य गेट और मेडिकल जांच के लिए बनाए गए गेट नंबर-2 पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।

इसके अलावा मेन रोड पर बैरिकेडिंग और मुख्य एथलेटिक स्टेडियम भवन के आसपास भी पुलिस बल तैनात रहेगा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल और लाठी बल की भी व्यवस्था की जाएगी।

अभ्यर्थियों के लिए पानी और शौचालय की व्यवस्था

भर्ती रैली में बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से भर्ती स्थल पर अस्थायी शौचालय, पेयजल टैंकर और पर्याप्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। जलापूर्ति विभाग को आसपास वाटर टैप प्वाइंट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं भर्ती स्थल पर साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और DDT छिड़काव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

दलालों पर रहेगी पुलिस की खास नजर

सेना भर्ती के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले दलालों पर पुलिस विशेष नजर रखेगी। बाहर से रांची आने वाले युवाओं को किसी भी तरह की धोखाधड़ी से बचाने के लिए पुलिस को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों पर भीड़ के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने का निर्देश दिया गया है।m प्रशासन ने अभ्यर्थियों से भी अपील की है कि भर्ती में चयन कराने या प्रक्रिया में मदद के नाम पर अगर कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है, तो उसके झांसे में न आएं और तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दें।

ट्रैफिक व्यवस्था पर भी रहेगा फोकस

भर्ती रैली के दौरान रांची में वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक रूट प्लान तैयार कर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए वाहनों और बसों की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि भर्ती स्थल तक पहुंचने में उन्हें परेशानी न हो और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित न हो।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें, किसी बिचौलिए या दलाल के झांसे में न आएं और भर्ती स्थल पर अनुशासन बनाए रखें। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासन की कोशिश है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here