पैतृक जमीन खरीदने के बहाने जुटाई जानकारी, एक ही नंबर से कई दिनों तक दर्जनों कॉल; पुलिस ने कॉल डिटेल और रिकॉर्डिंग की जांच शुरू की

रांची: राजधानी रांची में एक डॉक्टर से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। अशोक नगर निवासी डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा की शिकायत पर अरगोड़ा थाने में 23 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपी की पहचान और उसके मकसद का पता लगाने में जुटी है।
शिकायत के मुताबिक, 29 जुलाई से डॉक्टर के मोबाइल पर लगातार एक ही नंबर से कॉल और मिस्ड कॉल आने लगे। पहली कॉल रात करीब 12:45 बजे आई। इसके बाद उसी रात करीब 42 बार फोन किया गया। 31 जुलाई को करीब 22 और 2 अगस्त को करीब 52 बार कॉल करने की कोशिश की गई।
जमीन खरीदने के बहाने जुटाई परिवार की जानकारी
शुरुआत में फोन करने वाले शख्स ने डॉक्टर से उनकी पैतृक जमीन खरीदने में दिलचस्पी जताई। इसी बहाने उसने डॉक्टर और उनके परिवार से जमीन से जुड़ी जानकारी हासिल करनी शुरू कर दी। आरोपी ने डॉक्टर की पत्नी से भी फोन पर बातचीत की और अरगोड़ा के पास स्थित जमीन के बारे में जानकारी ली। डॉक्टर के मुताबिक, आरोपी ने उनका मोबाइल नंबर सिसई के एक सफाईकर्मी से हासिल किया था।
फोन पर दी गोली मारने की धमकी
मामला तब गंभीर हो गया जब 2 अगस्त को आरोपी ने डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, फोन करने वाले ने गोली मारने की बात कहते हुए डॉक्टर को डराया। इसके बाद करीब एक घंटे तक लगातार फोन आते रहे। डॉक्टर ने पुलिस को कुछ कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है। शिकायत में दो अन्य बातचीत के रिकॉर्ड होने की जानकारी भी दी गई है।
कॉल रिकॉर्डिंग से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश
अब पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए उसके मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी जानकारी खंगाल रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी को डॉक्टर का नंबर कैसे मिला और जमीन से जुड़ी जानकारी जुटाने के पीछे उसकी वास्तविक मंशा क्या थी।
डॉ. सिन्हा ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ अपने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।

