बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ने जारी किए एयरलाइंस, AAI और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के संपर्क नंबर; समाधान नहीं होने पर मंत्रालय तक दर्ज करा सकते हैं शिकायत

रांची: विमान से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। टिकट, फ्लाइट, सामान या एयरपोर्ट से जुड़ी किसी भी परेशानी की स्थिति में अब शिकायत दर्ज कराने के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों की सहायता और शिकायतों के समाधान के लिए एयरलाइन, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के संपर्क माध्यमों की जानकारी जारी की है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि किसी समस्या की स्थिति में सबसे पहले संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें। अगर वहां शिकायत का समाधान नहीं होता है, तो यात्री AAI के पब्लिक ग्रीवांस अधिकारी या नागरिक उड्डयन मंत्रालय के पैसेंजर असिस्टेंस कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।
Indigo यात्रियों के लिए हेल्पलाइन
IndiGo से सफर करने वाले यात्रियों को किसी तरह की परेशानी होने पर मैनेजर ऑन ड्यूटी के नंबर 7763070222 पर संपर्क करने की सुविधा दी गई है। शिकायत या समस्या से संबंधित जानकारी ixr.cr@goindigo.in पर ई-मेल के जरिए भी भेजी जा सकती है।
Air India और Air India Express के यात्रियों के लिए नंबर
Air India और Air India Express के यात्रियों के लिए 7400305746 नंबर जारी किया गया है। संबंधित शिकायत या सहायता के लिए यात्री india_ixr@airindiaexpress.com पर ई-मेल कर सकते हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि शिकायत दर्ज करते समय टिकट, PNR, फ्लाइट नंबर और यात्रा से संबंधित जरूरी जानकारी जरूर उपलब्ध रखें, ताकि समस्या की पहचान और समाधान में आसानी हो।
एयरपोर्ट परिसर में परेशानी हो तो यहां करें संपर्क
अगर समस्या सीधे एयरपोर्ट परिसर से जुड़ी है, तो यात्री टर्मिनल मैनेजर से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 0651-2250282 और 9471182538 नंबर जारी किए गए हैं। इसके अलावा AAI के पब्लिक ग्रीवांस अधिकारी मनोज प्रसाद सिंह से 9433275840 और 7004508120 पर संपर्क किया जा सकता है। शिकायत के लिए pgo_ranchi@aai.aero पर ई-मेल भी भेजा जा सकता है।
एयरलाइन और एयरपोर्ट से समाधान नहीं मिला तो मंत्रालय में शिकायत
अगर यात्री की शिकायत का समाधान एयरलाइन या एयरपोर्ट स्तर पर नहीं होता है, तो मामला नागरिक उड्डयन मंत्रालय तक पहुंचाया जा सकता है। इसके लिए पैसेंजर असिस्टेंस कंट्रोल रूम के 011-24632987 और 011-24604283 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। यात्री ऑनलाइन माध्यम से भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए AirSewa और CPGRAMS पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है।
शिकायत करते समय इन बातों का रखें ध्यान
यात्रियों को सलाह दी गई है कि शिकायत दर्ज कराने से पहले अपनी यात्रा से जुड़े जरूरी दस्तावेज और जानकारी तैयार रखें। इसमें PNR नंबर, टिकट, फ्लाइट नंबर, यात्रा की तारीख, सामान से जुड़ी जानकारी और एयरलाइन से हुई बातचीत का विवरण शामिल हो सकता है। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि समस्या होने पर सही माध्यम से शिकायत दर्ज कराने से मामला संबंधित अधिकारी तक तेजी से पहुंचता है और समाधान की प्रक्रिया भी आसान होती है।

