झारखंड में फिर बदला मौसम का मिजाज, 28 अगस्त तक बारिश के आसार; रांची में 27 को येलो अलर्ट

0
82
Share This Post

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर, कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी; राज्य में अब भी सामान्य से 11% कम बारिश

रांची: झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय होता नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर राज्य के मौसम पर दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने 28 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।

राजधानी रांची के लिए खास तौर पर 27 अगस्त को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, रांची में इससे पहले और बाद में भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 30 अगस्त तक रांची में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान शहर और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

राज्य में अब भी 11 फीसदी कम बारिश

लगातार बारिश के बावजूद झारखंड में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। 1 जून से 24 अगस्त के बीच राज्य में सामान्य बारिश का आंकड़ा 744.5 मिलीमीटर है, जबकि इस अवधि में 661.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

इस तरह झारखंड में अब तक सामान्य से करीब 11 फीसदी कम बारिश हुई है। हालांकि, कुछ जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से बेहतर रहा है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 46 फीसदी अधिक, रांची में 4 फीसदी, सिमडेगा में 7 फीसदी, सरायकेला-खरसावां में 8 फीसदी और खूंटी में 5 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है।

रांची में 14 मिमी, सिमडेगा में सबसे ज्यादा बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। रांची में 14 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि सिमडेगा में सबसे ज्यादा 30 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। इसके अलावा मेदिनीनगर में 15 मिमी, सरायकेला में 18 मिमी, खूंटी में 8 मिमी, लोहरदगा में 6 मिमी, बोकारो में 3 मिमी और चाईबासा में 9 मिमी बारिश हुई। बारिश के कारण राजधानी समेत राज्य के कई जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची में अधिकतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।

30 अगस्त तक बादल और बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में झारखंड के मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 28 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जबकि रांची में 30 अगस्त तक बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश वाले इलाकों में सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here