रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, एक दिन में 3504 चालान; बिना हेलमेट के सबसे ज्यादा केस

0
99
Share This Post

ट्रैफिक पुलिस के विशेष अभियान में 1876 बिना हेलमेट और 1010 नो पार्किंग के चालान; ओवरस्पीड के 352 मामले भी पकड़े गए

रांची: राजधानी में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। SSP राकेश रंजन के निर्देश पर सोमवार को शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच की गई। अभियान की कमान ट्रैफिक एसपी राकेश कुमार सिंह ने संभाली।

इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ ऑटो और टोटो की भी जांच की गई। ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 3504 चालान काटे।

बिना हेलमेट के सबसे ज्यादा मामले

जांच अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ हुई। पुलिस ने ऐसे 1876 वाहन चालकों का चालान काटा। इसके बाद नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों की संख्या सबसे ज्यादा रही। इस मामले में 1010 चालान किए गए।

ओवरस्पीड के 352 मामले

यातायात पुलिस की जांच में तेज रफ्तार से वाहन चलाने के 352 मामले सामने आए। वहीं रेड लाइट जंप करने पर 127 और गलत दिशा में वाहन चलाने पर 39 चालान काटे गए। नो एंट्री में वाहन ले जाने के 20, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने के 10 और सीट बेल्ट नहीं लगाने के 8 मामलों में भी कार्रवाई की गई। पिलियन राइड से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर भी 8 चालान काटे गए।

फैंसी नंबर प्लेट से शराब पीकर ड्राइविंग तक कार्रवाई

पुलिस ने फैंसी नंबर प्लेट के इस्तेमाल पर 6 और प्रदूषण प्रमाणपत्र से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर 7 चालान किए। बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने के 3 और शराब के नशे में ड्राइविंग के 3 मामले भी पकड़े गए। इसके अलावा बिना यूनिफॉर्म के वाहन चलाने के 2 मामलों में कार्रवाई हुई। प्रेशर हॉर्न, अतिरिक्त यात्री और मॉडिफाइड साइलेंसर के इस्तेमाल से जुड़े एक-एक मामले में भी चालान काटा गया। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के 19 मामले भी दर्ज किए गए।

जांच के बीच राजधानी की सड़कों पर जाम

वहीं, सोमवार को ट्रैफिक जांच के साथ-साथ राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति भी देखने को मिली। रातू रोड फ्लाइओवर से कचहरी जाने वाली लेन में वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इसके अलावा लालपुर से कचहरी चौक और बरियातू से बूटी मोड़ की ओर जाने वाली सड़क पर भी ट्रैफिक रुक-रुककर चलता रहा।

रातू रोड चौराहे से किशोरगंज चौक तक भी वाहनों की लंबी लाइन देखी गई। जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here