गणना और मैपिंग प्रक्रिया के बाद कार्रवाई तेज, नोटिस तामिला के बाद तय तारीख पर संबंधित मतदाताओं की सुनवाई होगी

सारठ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के तहत सारठ प्रखंड में प्रक्रिया आगे बढ़ गयी है। प्रथम चरण की गणना और मैपिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब 2700 मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है। इनमें दावा-आपत्ति से जुड़े मामलों के साथ ऐसे मतदाता भी शामिल हैं, जिनकी मैपिंग प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।
इस संबंध में शुक्रवार को प्रखंड सभागार में एईआरओ, सहायक एईआरओ और पर्यवेक्षकों की बैठक हुई। बैठक के बाद बीडीओ चंदन कुमार सिंह ने पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।
2700 लोगों को कराया जा रहा नोटिस का तामिला
बीडीओ ने बताया कि SIR के दौरान दावा, आपत्ति और नन-मैपिंग से संबंधित जिन मतदाताओं के नोटिस जनरेट हुए हैं, उन्हें अब संबंधित लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। कुल 2700 मतदाताओं को नोटिस का तामिला कराया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से यह प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार आगे बढ़ायी जा रही है, ताकि संबंधित मतदाताओं को अपना पक्ष रखने का अवसर मिल सके।
नोटिस के बाद होगी सुनवाई
नोटिस मिलने के बाद संबंधित मतदाताओं की सुनवाई निर्धारित तिथि पर होगी। सुनवाई के दौरान दावे और आपत्तियों से जुड़े मामलों की जांच की जाएगी। इसके बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई पूरी की जायेगी।
अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने की समीक्षा
बैठक में SIR से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी और अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को आगे की प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने को कहा गया।
बैठक में सीओ कृष्ण चंद्र सिंह मुंडा समेत एईआरओ, सहायक एईआरओ और कई पर्यवेक्षक मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए आगे की कार्रवाई पर भी चर्चा की।

