दीपावली से पहले महंगा हुआ हवाई सफर, रांची आने वाली फ्लाइट्स का किराया दो गुना तक बढ़ा

0
117
Share This Post

दिल्ली से रांची का टिकट 11 हजार के पार, मुंबई-चेन्नई रूट पर 15 हजार तक पहुंचा किराया; यात्रियों को पहले बुकिंग कराने की सलाह

रांची: दीपावली में अभी समय है, लेकिन त्योहार की तैयारी का असर हवाई किराये पर अभी से दिखाई देने लगा है। देश के अलग-अलग शहरों से रांची आने वाली फ्लाइट्स के टिकट आम दिनों की तुलना में काफी महंगे हो गए हैं। कई रूट पर किराया डेढ़ से दो गुना तक बढ़ गया है। त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए एयरलाइंस की टिकट कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है।

दिल्ली-रांची फ्लाइट का किराया 11 हजार के पार

दिल्ली से रांची आने वाली फ्लाइट का किराया सामान्य दिनों में करीब 5,000 से 5,500 रुपये के आसपास रहता है। वहीं नवंबर में इसी रूट पर टिकट की कीमत 11,046 से 11,886 रुपये तक पहुंच गयी है। यानी दिल्ली से रांची आने वाले यात्रियों को सामान्य दिनों के मुकाबले लगभग दोगुना भुगतान करना पड़ सकता है।

मुंबई से रांची आने के लिए 15 हजार तक खर्च

मुंबई-रांची रूट पर भी हवाई किराये में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। सामान्य दिनों में टिकट करीब 6,500 से 7,093 रुपये में मिल जाता है। वहीं नवंबर में इसकी कीमत बढ़कर 12,597 से 15,117 रुपये तक पहुंच गयी है।

चेन्नई और बेंगलुरु रूट भी महंगे

चेन्नई से रांची आने वाली फ्लाइट का सामान्य किराया करीब 6,500 से 6,758 रुपये है। दीपावली के आसपास नवंबर में यही टिकट 12,725 से 15,172 रुपये तक पहुंच गया है।

वहीं बेंगलुरु-रांची रूट पर सामान्य दिनों में टिकट 7,500 से 8,042 रुपये के आसपास रहता है। नवंबर में यात्रियों को इसके लिए 10,371 से 14,182 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।

रांची आने वाले यात्रियों पर बढ़ेगा खर्च

रूटसामान्य किरायानवंबर में किराया
दिल्ली–रांची₹5,000–₹5,500₹11,046–₹11,886
मुंबई–रांची₹6,500–₹7,093₹12,597–₹15,117
चेन्नई–रांची₹6,500–₹6,758₹12,725–₹15,172
बेंगलुरु–रांची₹7,500–₹8,042₹10,371–₹14,182

समय रहते टिकट बुक करने की सलाह

ट्रैवल एजेंसियों के मुताबिक दीपावली और छठ के दौरान बड़ी संख्या में लोग दूसरे शहरों से झारखंड लौटते हैं। मांग बढ़ने के साथ फ्लाइट टिकट के दाम भी ऊपर जाते हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि अगर यात्रा की तारीख तय है, तो समय रहते टिकट बुक कर लें, ताकि त्योहार के करीब बढ़ने वाले किराये से बचा जा सके।

त्योहारी सीजन में ट्रेनों और बसों के साथ-साथ हवाई यात्रा की मांग भी बढ़ती है। ऐसे में आने वाले दिनों में रांची के लिए हवाई किराये में और बदलाव देखने को मिल सकता है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here