अयोध्या-वाराणसी घूमना हुआ आसान, कोल इंडिया कर्मचारियों को सिर्फ ₹400 में मिलेगा कमरा

0
88
Share This Post

1 सितंबर 2026 से शुरू होगी सुविधा, दोनों शहरों में दो-दो कमरे उपलब्ध; कर्मचारी अधिकतम 3 दिन तक कर सकेंगे बुकिंग

रांची। कोल इंडिया लिमिटेड ने अपने कर्मचारियों के लिए धार्मिक और पर्यटन नगरी अयोध्या और वाराणसी में हॉलिडे होम की सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला किया है। इस सुविधा के तहत कर्मचारियों को दोनों शहरों में कम कीमत पर ठहरने की सुविधा मिलेगी। कमरे का किराया सिर्फ ₹400 प्रति कमरा प्रतिदिन तय किया गया है।

कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह व्यवस्था 1 सितंबर 2026 से 31 अगस्त 2028 तक लागू रहेगी। अयोध्या और वाराणसी, दोनों जगह कर्मचारियों के लिए दो-दो कमरे उपलब्ध रहेंगे। अयोध्या में कर्मचारियों के ठहरने के लिए कल्याण केके होटल्स, रामपथ में दो कमरे निर्धारित किए गए हैं। वहीं, वाराणसी में सफायर ग्रांड में दो कमरों की व्यवस्था की गई है।

कौन उठा सकता है सुविधा का लाभ?

इस हॉलिडे होम सुविधा का लाभ सिर्फ कोल इंडिया के कर्मचारी उठा सकेंगे। आवेदन के साथ कर्मचारी को अपने परिवार के सदस्यों से संबंधित निर्धारित घोषणा-पत्र भी जमा करना होगा। बुकिंग के लिए आवेदन संबंधित कर्मचारी के नियंत्री पदाधिकारी के माध्यम से भेजना होगा। इसके साथ ₹400 प्रति कमरा प्रतिदिन की निर्धारित दर के हिसाब से पूरी राशि का डिमांड ड्राफ्ट कोल इंडिया के पक्ष में जमा करना होगा।

एक कर्मचारी अधिकतम कितने दिन रुक सकता है?

कंपनी के नियमों के अनुसार, एक कर्मचारी किसी एक होटल में अधिकतम तीन दिनों के लिए कमरा बुक कर सकता है। वहीं, किसी एक स्थान पर एक कर्मचारी को एक कैलेंडर वर्ष में अधिकतम दो कमरों का आवंटन किया जा सकता है। बुकिंग की प्रक्रिया वास्तविक आरक्षण की तारीख से 75 दिन पहले शुरू होगी। हालांकि, एक स्थान के लिए की गई बुकिंग को दूसरे स्थान पर ट्रांसफर नहीं किया जा सकेगा।

बुकिंग किसी दूसरे के नाम करना पड़ेगा महंगा

कंपनी ने बुकिंग को लेकर भी स्पष्ट नियम बनाए हैं। कर्मचारी अपने नाम से की गई बुकिंग को किसी दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर नहीं कर सकेंगे। ऐसा करना कंपनी के नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। इसके अलावा, अगर कर्मचारी बुकिंग की तय अवधि से कम से कम सात दिन पहले रिजर्वेशन कैंसिल नहीं करता है, तो जमा की गई बुकिंग राशि वापस नहीं की जाएगी। यानी कोल इंडिया कर्मचारियों के लिए अयोध्या और वाराणसी में धार्मिक यात्रा के दौरान कम खर्च में ठहरने का यह विकल्प काफी उपयोगी साबित हो सकता है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here